Accident during construction work: राजस्थान की राजधानी जयपुर के चंदवाजी क्षेत्र में सोमवार को एक निर्माणाधीन रिसॉर्ट में बड़ा हादसा हो गया। ताला मोड़ के पास निर्माण कार्य के दौरान अचानक अस्थायी दीवार ढह गई, जिसकी चपेट में कई मजदूर आ गए। इस दुर्घटना में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन से चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है और मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका भी जताई जा रही है।
निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रिसॉर्ट परिसर में पुल की खुदाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मिट्टी के ढेर से बनाई गई अस्थायी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि वहां काम कर रहे मजदूरों को संभलने का मौका नहीं मिला और कई लोग मलबे के नीचे दब गए।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों के अनुसार, कुछ मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
रेस्क्यू अभियान जारी
जयपुर ग्रामीण के डीसीपी हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। मलबा हटाने के लिए बचाव दल मशीनों और अन्य संसाधनों की मदद ले रहे हैं। प्रशासन को आशंका है कि मलबे के नीचे अभी भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं, इसलिए अभियान पूरी सतर्कता के साथ जारी है।
बिहार के रहने वाले थे मृतक मजदूर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर बिहार के निवासी थे। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं, इसकी भी जांच कराने की बात कही है।