परतापुर। परतापुर थाना क्षेत्र के गगोल रोड स्थित एक धागा फैक्ट्री में काम करते समय दर्दनाक हादसा हो गया। मशीन में तकनीकी खराबी आने से लोहे की रॉड एक मजदूर के पेट में घुस गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से बिहार के पटना जिले के घुमारिया गांव निवासी हरदेव महतो परतापुर के गगोल रोड स्थित धर्मवीरी एंटरप्राइजेज में मजदूरी करता था। गुरुवार शाम वह फैक्ट्री में काम कर रहा था। इसी दौरान मशीन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई और मशीन में लगी लोहे की रॉड उसके पेट में जा घुसी।
रॉड पेट में घुसते ही हरदेव गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। कंपनी के कर्मचारी तुरंत उसे सुभारती अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन शुक्रवार देर रात को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।