ग्रेटर नोएडा में बुधवार को दनकौर-सिकंदराबाद रोड पर समसपुर गांव के पास एक दर्दनाक हादसे में मजदूर की जान चली गई। सड़क पर बने गड्ढे के कारण ट्रैक्टर पर लगी मिक्सचर मशीन अचानक असंतुलित हो गई। मशीन पर बैठे मजदूर अफजाल नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बुलंदशहर जिले के सलेमपुर गांव निवासी 26 वर्षीय अफजाल के रूप में हुई है।
दनकौर स्थित निम्स अस्पताल में भर्ती कराया
अफजाल मजदूरी का काम करते थे और बुधवार दोपहर काम के सिलसिले में ट्रैक्टर के पीछे जुड़ी मिक्सचर मशीन पर बैठकर जा रहे थे। समसपुर गेट के सामने सड़क पर बने गड्ढे से मशीन असंतुलित हुई और हादसा हो गया। गिरने से अफजाल के सिर में गंभीर चोटें आईं। उनके साथियों ने उन्हें तुरंत दनकौर स्थित निम्स अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें बचा नहीं पाए। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया
सूचना पर दनकौर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और समाचार लिखे जाने तक कोई मामला दर्ज नहीं हुआ था। स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए सड़क की बदहाल स्थिति को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि लंबे समय से सड़क पर गड्ढे बने हुए हैं, जिनकी मरम्मत नहीं कराई गई है। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी वजह से आए दिन ऐसी दुर्घटनाएं हो रही हैं।