सदर कोतवाली और बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि एक घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराते हुए तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
एसएचओ सदर देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली थी कि निजामपुर कट के पास डिवाइडर से एक बाइक टकरा गई है। जिसमें बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रुप से घायल हो गए हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। जिसके बाद पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत गंभीर देखकर दोनों को जिला अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया था। जहां पर दोनों की मौत हो गई।
हरदोई से नोएडा जा रहे थे बाइक सवार
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान जिला हरदोई के थाना पिहानी के गांव गोटा मऊ निवासी 45 वर्षीय अजय प्रताप और 48 वर्षीय लालाराम के रुप में हुई। दोनों बाइक पर सवार होकर हरदोई से नोएडा जा रहे थे। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जिसके बाद परिजन को सूचना दे दी गई है। परिजन के आने के बाद यदि किसी प्रकार की कोई तहरीर मिलेगी उसके अनुसार विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बाबूगढ़ पुलिस ने बताया कि गांव फतेहपुर निवासी 80 वर्षीय रामवीर पैदल ही सड़क पर जा रहे थे। जब वह कुचेसर रोड चौपला से बनखंडा गांव की तरफ जाने वाले रास्ते पर स्थित बिजलीघर पर पहुंचे तो एक तेज रफ्तार बाइक ने रामवीर को टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान रामवीर ने दम तोड़ दिया। इस हादसे के बाद मृतक के घर पर कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आनंद कुमार घायल हो गए
इसके अलावा पुलिस ने बताया कि 13 नवंबर को सूचना मिली थी कि बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एनएच-09 पर अलीपुर फ्लाईओवर पर गढ़मुक्तेश्वर से गाजियाबाद की तरफ तेज रफ्तार एक कार और एंबुलेंस में टक्कर हो गई। इसके अलावा एक अन्य कार भी टकरा गई थी। इस हादसे में एंबुलेंस सवार जिला संभल के थाना कैला देवी के कमालपुर खानूपुरा निवासी आनंद कुमार घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी हापुड़ में भर्ती कराया गया। इस हादसे के बाद मौके पर जाम लग गया था। जिसके बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को मौके से हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू किया।