लखनऊ में ढाई साल की मासूम के साथ रेप करने वाले आरोपी को मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया है. बता दें कि आलमबाग मेट्रो स्टेशन से बच्ची का अपहरण किया गया था, जिसके बाद रेप की वारदात को अंजाम दिया गया था. एसीपी कैंट कार्यालय के पास गुरुवार की रात पुलिस चेकिंग के दौरान आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया. इस दौरान उसने भागने का प्रयास किया और फायरिंग की.
जवाबी फायरिंग में लगी गोली
जवाबी फायरिंग में आरोपी को पुलिस की गोली लग गई और वो घायल हो गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि उन्नाव के रहने वाले पति- पत्नी आलमबाग मेट्रो स्टेशन के पास कूड़ा बीनने का काम करते थे. घटना के दिन वो बच्ची के साथ सो रहे थे, तभी आरोपी बच्ची को उठा ले गया और घटना को अंजाम दिया.
ऐशबाग का रहने वाला था आरोपी
पुलिस उपायुक्त मध्य आशीष श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया है कि मारे गए आरोपी का नाम दीपक वर्मा है. वह लखनऊ के ऐशबाग का रहने वाला था. दीपक जागरण में झांकी निकालने और रेलवे में पानी सप्लाई का काम करता था. चेकिंग के दौरान गुरूवार को दीपक ने पुलिस को देखा तो फायरिंग करते हुए भागने लगा. जवाबी फायरिंग में उसको गोली लग गई और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई. शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा.
गिरफ्तारी के लिए लगीं थीं पांच टीमें
आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की 5 टीमें लगी थीं. इस दौरान 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला गया और आरोपी को चिन्हित किया गया. सीसीटीवी में आरोपी की संदिग्ध गतिविधिया देखी गईं, जिसके बाद एसीपी कार्यालय के पास चेकिंग शुरू की गई.
एक लाख रुपए का था ईनामी
आरोपी के खिलाफ हजरतगंज थाने में पहले भी एक मुकदमा दर्ज था. वहीं रेप केस में इस पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था.