
हाड़ों में बुधवार को भी मौसम खराब रहा। केदारनाथ धाम में बर्फबारी होती रही। बर्फबारी के बाद धाम में ठंड भी अधिक बढ़ चुकी है। हालांकि लगातार धाम में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इस बीच भक्तों को ठंड से बचाने के लिये प्रशासन की ओर से लगातार अलाव की व्यवस्था की गई है। धाम सहित पैदल यात्रा मार्ग पर अलाव जलाकर भक्तों की ठंड दूर की जा रही है। वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड के अनेक हिस्सों से देव-डोलिया भी दर्शनों के लिये केदारनाथ धाम पहुंच रही हैं। बर्फबारी के बीच प्रशासन की व्यवस्थाओं से यात्री खुश नजर आ रहे हैं।
यंत्रों की थाप पर जमकर नृत्य किया
बुधवार को भारी बर्फबारी व बारिश के बीच गोपेश्वर मंडल से माता अनुसूया की देव डोली बाबा केदार के दर्शनों के लिये पहुंची। धाम पहुंचने पर डोली ने बाबा केदार के दर्शन किये और मंदिर में प्रांगण में स्थानीय वाद्य यंत्रों की थाप पर जमकर नृत्य किया। इस दौरान कई देवी-देवता भी नर रूप में अवतरित हुये। वहीं दूसरी ओर धाम में लगातार तीसरे दिन भी बर्फबारी जारी है। बर्फबारी के कारण केदारनाथ धाम की पहाड़िया सफेद हो गयी हैं।
गर्म पानी की व्यवस्थाएं की गई
बर्फबारी के बीच भी भक्त लगातार पहुंच रहे हैं और दर्शन कर रहे हैं। भक्तों को बर्फबारी व बारिश में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिये प्रशासन की ओर से तत्परता से कार्य किया जा रहा है। पैदल यात्रा मार्ग सहित धाम में यात्रियों के अलाव के अलावा गर्म पानी की व्यवस्थाएं की गई हैं। भक्तों की ओर से प्रशासन व मंदिर समिति की ओर से की गई व्यवस्थाओं की तारीफ की जा रही है।