
Meerut News: मेरठ के सलावा स्थित मेजर ध्यानचंद राज्य खेल विश्वविद्यालय में बीपीईएस पाठ्यक्रम (बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स) के पहले बैच में प्रवेश प्रक्रिया मंगलवार को शुरू हुई। पहली मेरिट लिस्ट में चयनित 59 अभ्यर्थियों में से पहले दिन 25 ने प्रवेश पा लिया, इनमें दो छात्राएं भी शामिल हैं। बुधवार को प्रवेश प्रक्रिया का अंतिम दिन है। प्रवेश प्रक्रिया के पहले दिन मेरिट लिस्ट में चयनित अभ्यर्थियों में सामान्य वर्ग में 26 में से 14, ओबीसी में 13 में 5, अनुसूचित जाति में 11 में से तीन, ईडब्ल्यूएस वर्ग में 4 में से 2, खेल कोटे से सीधे प्रवेश पाने वाले पांच अभ्यर्थियों में से एक ने बीपीईएस पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया।
युवा इस खेल से जुड़ने के लिए उत्सुक है
कुलसचिव सुनील कुमार झा ने कहा कि पहले दिन विद्यार्थियों का उत्साह देखकर यह स्पष्ट है कि युवा इस खेल विश्वविद्यालय से जुड़ने के लिए कितने उत्सुक हैं। यदि पहली सूची के सभी छात्र प्रवेश नहीं लेते हैं तो हम दूसरी मेरिट सूची जारी करेंगे, ताकि हर सीट योग्य उम्मीदवार को मिल सके।
खेल संस्कृति और परंपरा को मिलेगी नई दिशा
खेल विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत, वीएसएम का कहना है कि यह हमारे लिए गर्व और ऐतिहासिक क्षण है कि विश्वविद्यालय का पहला शैक्षणिक सत्र राष्ट्रीय खेल दिवस के साथ आरंभ हो रहा है। इन छात्रों की यात्रा न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि होगी बल्कि भारत की खेल संस्कृति और परंपरा को भी नई दिशा देगी। हमारा उद्देश्य है कि विश्वविद्यालय से उत्तीर्ण विद्यार्थी खेल और शिक्षा दोनों में उत्कृष्टता का उदाहरण प्रस्तुत करें।