
Army Agniveer Admit Card 2025: उत्तर प्रदेश के वाराणसी छावनी रणबांकुरे मैदान में 8 से 21 नवंबर 2025 तक रैली भर्ती का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। सभी उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र उनकी रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर भेजे गए हैं। जहां से वे लिंक पर क्लिक करके लॉग इन डिटेल दर्ज कर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। बता दें कि इस दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षण और अन्य प्रक्रियाओं में शामिल होंगे।
यहां से भी डाउनलोड कर सकते हैं एडमिट कार्ड
आपको बता दें कि जो उम्मीदवार ईमेल आईडी पर आए मेल से एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर पा रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जाकर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। अगर ऑफिशियल वेबसाइट से भी उम्मीदवार प्रवेश पत्र प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं, तो वे 31 अक्टूबर 2025 तक छावनी कार्यालय में जाकर अपना प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
एडमिट कार्ड की कलर प्रिंट कॉपी ही मान्य
सभी उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे जब रैली भर्ती में शामिल होने जाएं तो एडमिट कार्ड का रंगीन प्रिंटआउट साथ लेकर जाएं। एडमिट कार्ड की कलर प्रिंट कॉपी ही मान्य होगी और इसी पर एक पासपोर्ट साइज फोटो चिपकाकर अभ्यर्थियों को अपनी निर्धारित तारीख के अनुसार रात 2:30 बजे तक भर्ती स्थल पर पहुंचना अनिवार्य होगा।
इन डॉक्यूमेंट्स को ले जाएं साथ
आपको बता दें कि जो भी उम्मीदवार रैली में शामिल होने वाले हैं, वे सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर जाएं ताकी आपका वेरिफिकेशन हो सके। जिसमें एडमिट कार्ड, पासपोर्ट साइज कलर फोटो, एकेडमिक सर्टिफिकेट, निवास प्रमाण पत्र, जाति-धर्म प्रमाण पत्र, पुलिस और स्कूल से करेक्टर सर्टिफिकेट, ग्राम प्रधान या नगर निगम द्वारा जारी करेक्टर सर्टिफिकेट, अविवाहित प्रमाण पत्र, पिता से संबंध दर्शाने वाला प्रमाण पत्र और पैन व आधार कार्ड की कॉपियां साथ लानी होंगी।