Punjab Police: पंजाब के अमृतसर में एएसआई हरजीत सिंह की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक एडवाइजरी तेजी से वायरल हो रही थी, जिसमें दावा किया जा रहा था है कि पंजाब पुलिस ने अपने कर्मचारियों के लिए नई गाइडलाइन जारी की है, जिसके तहत ड्यूटी पर आते-जाते समय पुलिसकर्मियों को वर्दी न पहनने और सादे कपड़ों में सफर करने की सलाह दी गई है। हालांकि पंजाब पुलिस ने इस वायरल एडवाइजरी को पूरी तरह से फर्जी करार दिया है।
पंजाब पुलिस ने क्या कहा
पंजाब पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट जारी कर इस खबर का खंडन किया है। पुलिस विभाग ने साफ किया है कि पंजाब पुलिस मुख्यालय या उसके अधीन किसी अन्य पुलिस कार्यालय की ओर से ऐसी कोई एडवाइजरी जारी नहीं की गई है, जिसमें पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर जाते या लौटते समय वर्दी नहीं पहनने और सादे कपड़ों में यात्रा करने का निर्देश दिया गया हो।
⚠️ FACT CHECK | FALSE ADVISORY
— Punjab Police India (@PunjabPoliceInd) September 22, 2026
Punjab Police Headquarters or any other Punjab Police office under it has issued no advisory directing police personnel to:
• Avoid wearing uniform while going to or returning from duty
• Wear civilian clothes while commuting to/from duty
Such…
जनता और पुलिसकर्मियों से की अपील
पंजाब पुलिस ने जनता और पुलिसकर्मियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक स्रोतों से मिलने वाली जानकारी पर ही भरोसा करें।
विपक्ष ने साधा निशाना
इस कथित एडवाइजरी के वायरल होने के बाद पंजाब में सियासत भी तेज हो गई थी। विपक्षी नेताओं ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर पंजाब सरकार को घेरा था। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि पंजाब में हालात ऐसे हो गए हैं कि पुलिस प्रमुख को पुलिसकर्मियों को सुरक्षित रखने के लिए सड़कों या सार्वजनिक और निजी वाहनों में वर्दी नहीं पहनने का आदेश जारी करना पड़ा। इसके अलावा शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी इस मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधा था।