
Afghan counterattack: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव अब खतरनाक रूप ले चुका है। पाकिस्तानी हवाई हमले के बाद अफगान सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन चलाया है। इस हमले में अब तक 58 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत की पुष्टि हुई है। अफगान बलों ने पाकिस्तान की तीन सैन्य चौकियों पर कब्जा भी कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई अफगानिस्तान के हेलमंद प्रांत के बहरामचा इलाके में की गई, जहां दोनों देशों की सेनाओं के बीच करीब तीन घंटे तक संघर्ष चला।
हेलमंद में चला अफगान सेना का ऑपरेशन
हेलमंद प्रांत के सूचना एवं संस्कृति निदेशक राशिद हेलमंदी के मुताबिक, अफगान बलों ने शाकिज, बीबी जानी और सालेहान क्षेत्रों में पाकिस्तानी सुरक्षा चौकियों को निशाना बनाया। इस दौरान अफगान सैनिकों ने पाकिस्तानी सेना के हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किए, जिनमें पांच कलाश्निकोव राइफलें, एक नाइट विजन स्कोप और एक अन्य राइफल शामिल है। बताया गया कि यह ऑपरेशन पाकिस्तान के हालिया हवाई हमले के जवाब में किया गया है, जिसमें टीटीपी प्रमुख नूर वली मेहसूद को टारगेट किया गया था।
यह भी देखेंःMBBS student gang-raped: दुर्गापुर में MBBS छात्रा से गैंगरेप, तीन आरोपी गिरफ्तार, दो अब भी फरार
तनाव बढ़ने का खतरा
9 अक्टूबर को पाकिस्तान द्वारा किए गए एयर अटैक के बाद से दोनों देशों के बीच संबंध और बिगड़ गए हैं। अफगानिस्तान की यह कार्रवाई पाकिस्तान को सीधा संदेश माना जा रहा है कि वह भी जवाबी हमला करने की क्षमता रखता है। रिपोर्टों के अनुसार, अफगान सेना ने नंगरहार और कुनार प्रांतों में डुरंड लाइन के पास स्थित पाकिस्तानी चौकियों पर भी हमला किया है। यह घटना उस समय हुई है जब तालिबान सरकार के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी भारत दौरे पर हैं, जिससे क्षेत्रीय हालात और भी संवेदनशील हो गए हैं।