
7 Pakistani soldiers hostage: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर हिंसक रूप ले चुका है। शनिवार देर रात अफगान सेना ने पाकिस्तान के खिलाफ बड़ा सैन्य ऑपरेशन चलाया, जिसमें 15 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और सात सैनिकों को बंधक बना लिया गया। अफगानिस्तान ने बंधकों की तस्वीरें भी जारी की हैं। यह कार्रवाई पाकिस्तान द्वारा गुरुवार को काबुल और पक्तिका में मिसाइल हमले के बाद की गई। अफगान सेना ने तीन घंटे तक चले इस ऑपरेशन में पाकिस्तान की तीन चौकियों पर कब्जा जमाया और बड़ी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद भी जब्त किए।
रात 10 बजे शुरू हुआ जवाबी हमला
हेलमंड प्रांत के प्रवक्ता मौलवी मोहम्मद कासिम रियाज ने बताया कि अफगान सेना ने रात 10 बजे के करीब ड्यूरंड लाइन के पास जवाबी हमला शुरू किया। उन्होंने कहा कि हमारी सेना ने पाकिस्तानी फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दिया और कई चौकियों पर नियंत्रण हासिल किया। अफगान रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि “हमारा ऑपरेशन आधी रात तक चला और हमने पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश दिया है कि अगर सीमा का उल्लंघन दोबारा हुआ, तो हमारी सेना देश की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है।”
यह भी देखेंःAfghan counterattack: अफगानिस्तान का पलटवार, 15 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, तीन सैन्य चौकियों पर कब्जा
टीटीपी विवाद से बढ़ा सीमा तनाव
दोनों देशों के बीच मौजूदा विवाद की जड़ तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) को लेकर है। पाकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान अपनी सीमा में टीटीपी आतंकवादियों को शरण दे रहा है, जबकि तालिबान सरकार इन आरोपों से इनकार करती रही है। पाकिस्तानी सेना ने अफगान चौकियों पर आर्टिलरी और फाइटर जेट से जवाबी हमला भी किया है। बॉर्डर पर अंगूर अड्डा, कुर्रम, बाजौर, चितराल और बर्माचा जैसे इलाकों में गोलीबारी की खबरें हैं। अफगानिस्तान का कहना है कि पाकिस्तान की हर कार्रवाई का अब “सख्त जवाब” दिया जाएगा।