
प्रेमी से विवाद के बाद अवसाद में चल रही किशोरी ने आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों ने पुलिस को अभी तहरीर नहीं दी है।
मुख्य गेट अंदर से बंद था
मेडिकल थाना अंतर्गत जागृति विहार सेक्टर आठ में बांदा निवासी एक परिवार पिछले कुछ समय से किराए का मकान रह रहा है। परिवार में मां-बेटे के अलावा 17 वर्षीय बेटी थी, जिसने मंगलवार को अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय मां-बेटे घर से बाहर गए हुए थे। बुधवार सुबह जब वह लौटे घर का मुख्य गेट अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं आया तो शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
किशोरी का शव लटका हुआ था
पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर गई तो देखा फंदे पर किशोरी का शव लटका हुआ था। पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से शव को नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने पुलिस को बताया है कि बेटी के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहे थे। कुछ दिन पहले दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कई दिनों से बेटी अवसाद में चल रही थी। अवसाद के चलते बेटी ने यह दुस्साहसिक कदम उठाया है। मेडिकल थाना प्रभारी शीलेश कुमार ने बताया, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। उन्होंने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।