बुलंदशहर। जनपद के सलेमपुर क्षेत्र के गांव शाहपुर में घरेलू कलह के चलते एक युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पत्नी से विवाद के बाद 40 वर्षीय दीपक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार दीपक की शादी करीब 13 वर्ष पहले सुमन से हुई थी और वह दो बच्चों के पिता थे। परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद दीपक ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अचानक हुई इस घटना से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।