मेरठ। युवक से लव मैरिज करना एक महिला का महंगा सौदा साबित हो रहा है। आरोप है कि पति ने दूसरी शादी कर ली है और विरोध करने पर उसकी अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने पीड़िता का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कंकरखेड़ा थाने में पीड़ित महिला ने दर्ज कराए मुकदमे में बताया है कि सात साल पहले उसकी भावनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक विकेश से दोस्ती हुई थी। प्यार होने पर दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। शादी के बाद पति उसने अपने घर ले आया। उनके पांच साल का पुत्र भी है। पीड़िता का आरोप है कि बेटा पैदा होने के बाद पति का चाल चलन गलत होने लगा। आरोप है कि पति ने युवतियों से दोस्ती करनी शुरू कर दी। शराब पीकर पति गंदी फिल्म देखने लगा और इसी दौरान पति ने उसकी अश्लील वीडियो भी बनाई। आरोप है कि पति अपने दोस्तों को शराब पिलाने के लिए घर लाने लगा और दोस्तों को जबरन शराब परोसने के लिए दबाव बनाने लगा।
आरोप है कि इसके बदले में पति दोस्तों से रुपये वसूलता था। आरोप है कि पति की सास से शिकायत किया तो सास ने पति का पक्ष लिया। पीड़िता का आरोप है कि पति ने हरियाणा की एक लड़की से शादी कर ली है। आरोप है कि विरोध करने पर पति ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। तलाक देने धमकी दे रहा है। बात नहीं मानने पर अश्लील वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है। कंकरखेड़ा थाना प्रभारी ने बताया, पीड़िता की तहरीर पर पति,सास व देवर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।