नोएडा। प्रेम का झांसा देकर शादी से बार-बार मुकरने और लगातार मानसिक प्रताड़ना देने के आरोप में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को सूरजपुर पुलिस ने रविवार को धर दबोचा। आरोपी की क्रूरता से तंग आकर 22 साल की शालू ने दो दिन पहले मिग्सून ट्विन टावर-5 की 16वीं मंजिल से कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी।
पुलिस के अनुसार, मृतका शालू पुत्री नरेश मूल रूप से शामली (उत्तर प्रदेश) की रहने वाली थी और ग्रेटर नोएडा की मिग्सून ट्विन्स सोसाइटी में किराए पर रहती थी। 21 नवंबर 2025 को उसने टावर की 16वीं मंजिल से छलांग लगा दी थी। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने जो तहरीर दी, उसमें साफ-साफ रक्षित नाम के युवक पर गंभीर आरोप लगाए गए।
परिजनों का आरोप है कि रक्षित ने शालू को अपने प्रेमजाल में फंसाया, लंबे समय तक संबंध बनाए रखे, लेकिन जब शादी की बात आई तो बार-बार टालता रहा और उल्टा उसे धमकाता व मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। आखिरकार शालू इतनी टूट गई कि उसने आत्महत्या का रास्ता चुना।मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी रक्षित फरार चल रहा था।
थाना सूरजपुर पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर रविवार को ग्राम लखनावली जाने वाली सड़क से उसे दबोच लिया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसमें पुलिस को कई अहम सबूत मिलने की उम्मीद है।
गिरफ्तार आरोपी रक्षित पुत्र ब्रह्मपाल उम्र 22 वर्ष निवासी इस्सोपुर टील, थाना कांधला, जिला शामली (उ.प्र.) है।
पुलिस उपायुक्त (जोन-3) कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। परिजनों ने युवती की मौत के लिए पूरी तरह आरोपी को जिम्मेदार ठहराया है और कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।