
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एशिया कप 2025 का फाइनल खेला गया और नतीजा वही आया जो हर हिंदुस्तानी चाहता था भारत की जीत हुई और पाकिस्तान को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा. इस बार टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर 9वीं बार एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली. पूरे टूर्नामेंट में भारत का दबदबा ऐसा रहा कि पाकिस्तान को हर मुकाबले में हार झेलनी पड़ी. चाहे ग्रुप स्टेज हो, सुपर-4 या फाइनल, हर जगह भारत ने दिखा दिया कि एशिया कप पर सिर्फ उसका ही राज चलता है.
BCCI ने दिल खोलकर लुटाया इनाम
इस ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ पर पैसों की बारिश कर दी. बोर्ड ने 21 करोड़ रुपये के इनाम का ऐलान किया. माना जा रहा है कि ये इनाम सिर्फ जीत का जश्न नहीं बल्कि खिलाड़ियों की मेहनत, जुनून और टीम स्पिरिट का सम्मान भी है. बीसीसीआई के इस कदम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत करने वालों को सिर्फ तालियां नहीं, बल्कि असली इनाम भी मिलता है. फैंस भी सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ कर रहे हैं और कह रहे है टीम इंडिया ने जीता दिल भी और दौलत भी.
पाकिस्तान को तीन बार हराकर बनाया रिकॉर्ड
एशिया कप 2025 की सबसे बड़ी कहानी भारत बनाम पाकिस्तान की जंग रही. इस टूर्नामेंट में दोनों टीमें तीन बार भिड़ीं और हर बार भारत ने पाकिस्तान को चारों खाने चित कर दिया. लीग में 7 विकेट से जीत, सुपर-4 में 6 विकेट से मात और फाइनल में 5 विकेट से तगड़ी शिकस्त पड़ा. भारत ने साबित कर दिया कि पाकिस्तान के लिए एशिया कप अब कभी खत्म न होने वाला बुरा सपना है. वहीं भारतीय फैंस के लिए ये पल गर्व और खुशी से भरा त्योहार बन गया.
मालामाल हुए खिलाड़ी, जश्न में डूबा देश
BCCI के इनाम ने खिलाड़ियों को मालामाल कर दिया और जीत ने पूरे हिंदुस्तान को झूमने पर मजबूर कर दिया. चौक-चौराहों से लेकर सोशल मीडिया तक सिर्फ एक ही नारा गूंज रहा था भारत ही है एशिया का बादशाह. आतिशबाजी, ढोल-नगाड़ों और जश्न के बीच इस जीत के असली हीरो तिलक वर्मा, शिवम दुबे और कुलदीप यादव रहे. इन खिलाड़ियों ने मेहनत से नाम कमाया और अब BCCI के इनाम से दौलत भी मिली है, जिसके बाद हर क्रिकेटप्रेमी झूम उठा है.