मुजफ्फरनगर। जनपद के खतौली नगर में गंग नहर के किनारे अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस का अनुमान है कि महिला का शव किसी दूसरी जगह से यहां लाकर डाला गया और शरीर पर कोई जाहिरा चोट नहीं होने के कारण उसकी मुंह दबाकर हत्या किये जाने की आशंका है। महिला का शव मिलने की सूचना पर एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत और सीओ खतौली रामाशीष यादव भी मौके पर पहुंच गए।
खतौली में गंग नहर के किनारे लोगों द्वारा एक महिला का शव पड़ा होने की सूचना खतौली थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्यवाही प्रारम्भ की गई। महिला का शव मिलने की सूचना पर मुख्यालय से घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत एवं क्षेत्राधिकारी खतौली रामाशीष यादव मय पुलिस बल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। हालांकि मृतक महिला के शव की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा शव की शिनाख्त किए जाने हेतु प्रयास किए जा रहे हैं।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि महिला के शरीर पर जाहिरा कोई चोट का निशान नहीं है और प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि महिला की हत्या कर शव को गंगनहर किनारे फेंका गया है। आशंका यह भी जताई जा रही है कि हत्यारे महिला के शव को गंगनहर के पानी में बहाना चाहते थे लेकिन शव किनारे पर ही रह गया। खतौली पुलिस द्वारा शव का पंचायतनामा भरते हुए आसपास के जनपदों की पुलिस को भी महिला के हुलिए से अवगत कराते हुए वहां पर किसी महिला की गुमशुदगी के संबंध में जानकारी की जा रही है।