भोपाल से एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है। शादी की रस्में पूरी हो चुकी थीं, रिश्तेदार मिठाइयां खा रहे थे, नई जोड़ी पर आशीर्वाद की बारिश हो रही थी, लेकिन तभी कुछ ऐसा हुआ जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। दुल्हन ने शादी के कुछ घंटों बाद गाड़ी में बैठे ही एक ऐसा सच उगल दिया, जिसने पूरे रिश्ते की नींव हिला दी। उसने साफ कह दिया कि वह यह विवाह नहीं करना चाहती थी और यह कदम उसने सिर्फ पारिवारिक दबाव में उठाया है। इतना ही नहीं, उसने यह तक कह डाला कि वह दूल्हे के साथ पति-पत्नी नहीं बल्कि भाई-बहन की तरह रहना चाहती है। दूल्हे ने इस स्थिति को समझदारी से संभाला, लेकिन शादी टूटने की इस कहानी ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है।
शादी के बाद सामने आया चौंकाने वाला सच
भोपाल रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में बड़े धूमधाम से सागर के युवक और ललितपुर की युवती का विवाह हुआ। सब कुछ सामान्य था, लेकिन जब दूल्हा-दुल्हन विदाई के बाद गाड़ी में बैठे, तभी दुल्हन ने कह दिया कि वह इस शादी से खुश नहीं है और यह केवल पारिवारिक दबाव में की गई है।
'पति नहीं, भाई बनकर रहो' – दुल्हन की बात से स्तब्ध दूल्हा
दुल्हन ने दूल्हे से कहा कि वह उसे पति नहीं मानती और दोनों को भाई-बहन की तरह रहना चाहिए। यह सुनकर दूल्हा कुछ देर के लिए चुप रह गया लेकिन उसने किसी तरह खुद को संभाला और समझदारी से कदम उठाया।
बिना मेहंदी और मन के पहुंची थी मंडप में
जानकारी के अनुसार, दुल्हन का पहले से प्रेम संबंध था जिसे परिवार ने नकार दिया। शादी के दिन वह बिना मेहंदी के आई और मंडप में जाने से पहले खुद को कमरे में बंद कर लिया था। जबरदस्ती रिश्तेदारों के कहने पर वह शादी में शामिल हुई।
गाड़ी मोड़कर लौटा मैरिज गार्डन
दूल्हे ने परिस्थिति को देखते हुए कार वापस मोड़ी और दुल्हन को लेकर सीधे शादी स्थल पर लौट आया। वहां दोनों परिवारों ने मिलकर बातचीत की और आपसी सहमति से शादी को यहीं समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
शांति से खत्म हुआ रिश्ता, दुल्हन ने मांगी माफी
दुल्हन और उसके परिवार ने शादी तोड़ने के लिए माफी मांगी और हुए खर्चों की भरपाई का प्रस्ताव दिया, जिसे दूल्हे के परिवार ने ठुकरा दिया। उन्होंने बस यह सुनिश्चित किया कि भविष्य में कोई कानूनी झंझट न हो। इसके लिए दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से एक लिखित समझौता भी किया।