‘TMKOC Old Goli : ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में गोली का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले कुश शाह एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका टीवी शो नहीं, बल्कि उनका नया यूट्यूब कंटेंट है. सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में कुश मुंबई की सड़कों पर लोगों से मिलते और उनसे उनके घर जाकर खाना बनाने की अनुमति मांगते नजर आ रहे हैं.
लोगों के घर जाकर बनाया खाना
कुश ने अपने नए वीडियो में बताया कि उन्हें खाना बनाने का काफी शौक है. इसी शौक को उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल के पहले कंटेंट का हिस्सा बनाया। वह सड़क पर लोगों से पूछते हैं कि क्या वह उनके घर आकर उनके लिए अपनी पसंद की कोई डिश बना सकते हैं। शुरुआत में कई लोग इस प्रस्ताव को लेकर हिचकिचाते हैं, लेकिन आखिरकार एक परिवार उन्हें अपने घर बुला लेता है.
इसके बाद कुश खाने का सामान खरीदते हैं और उस परिवार के घर पहुंचकर खाना तैयार करते हैं. उन्होंने वहां पाइनएप्पल करी और राइस बनाया। खाना तैयार होने के बाद उन्होंने परिवार के सदस्यों को खिलाया। वीडियो में घर के लोगों के साथ-साथ आसपास के लोग भी कुश को देखकर काफी उत्साहित नजर आए.
फैंस के प्यार का अलग अंदाज में जवाब
कुश ने अपने इस वीडियो के जरिए फैंस के साथ जुड़ने की कोशिश की है. उनका कहना है कि दर्शकों ने उन्हें लंबे समय तक खूब प्यार दिया है और अब वह भी अपने तरीके से लोगों के साथ समय बिताकर उस प्यार का जवाब देना चाहते हैं। उनका यह अनोखा आइडिया सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आ रहा है.
2024 में छोड़ा था शो
कुश शाह करीब 16 साल तक ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ का हिस्सा रहे। उन्होंने 2024 में शो को अलविदा कहा था. उस समय सामने आया था कि वह आगे की पढ़ाई के लिए विदेश जाना चाहते हैं। अब पढ़ाई के बाद उन्होंने यूट्यूब के जरिए एक नई शुरुआत की है.
साथी कलाकारों ने भी किया रिएक्ट
कुश के इस नए अंदाज पर उनके पुराने को-स्टार्स ने भी प्रतिक्रिया दी है. झील मेहता और पलक सिंधवानी ने उनके वीडियो पर कमेंट कर मजेदार अंदाज में पूछा कि वह उनके घर कब खाना बनाने आ रहे हैं. फैंस भी कुश के इस नए सफर को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं.