मेरठ। विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला गरमा गया है। परिजनों ने बेटी की हत्या के बाद सुसरालियों पर सबूत मिटाने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है यह आत्महत्या नहीं बल्कि दहेज हत्या का मामला है। उनका कहना है पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर रही है। जिसकी शिकायत परिजनों ने एसएसपी कार्यालय में करते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई।
मवाना थाना क्षेत्र में हुई विवाहिता नवीशा उर्फ राधिका की संदिग्ध मौत का मामला गरमा गया है। मृतका के पिता नरेंद्र कुमार रहेजा ने पुलिस पर लापरवाही बरतने और ससुराल पक्ष से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने बताया उनकी बेटी की शादी हस्तिनापुर रोड स्थित काबली गेट निवासी अनमोल खेड़ा उर्फ प्रिंस से हुई थी। शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि 10 मई को उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने पति प्रिंस और सास किरण खेड़ा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी ससुर अभी भी फरार है।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद घर में मौजूद महत्वपूर्ण सबूतों को मिटाने का प्रयास किया गया। जिस डबल बेड पर नवीशा का शव मिला था, उसकी गीली चादर और गद्दा बदल दिया गया था। साथ ही, फोरेंसिक टीम के पहुंचने से पहले पूरे घर की सफाई करा दी गई। मृतका की मां जब मौके पर पहुंचीं तो अलमारी का सामान भी हटाया जा चुका था। परिवार ने बताया कि मृतका का शरीर पूरी तरह नीला पड़ा हुआ था। पुलिस ने अब तक मृतका के पति और ससुर की कॉल डिटेल नहीं निकलवाई है। इसके अलावा, मोबाइल फोन की भी गंभीरता से जांच नहीं की गई है। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों को बिना हथकड़ी लगाए निजी वाहन से भेजे गया था। परिजनों ने एसएसपी से निष्पक्ष जांच व कड़ी कार्रवाई की मांग की है।