हत्या कर युवक के शव को बोरे में बंद कर 20 फीट गहरे कुएं में फेंक दिया। शव काफी पुराना होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने आशंका जताई कि हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया है। फिलहाल पुलिस शव की पहचान में जुट गई है और आसपास के जिलों की पुलिस से गुमशुदा युवकों के बारे में जानकारी कर रही है।
35 वर्षीय युवक का सड़ी गली अवस्था में शव निकला
खरखौदा थाना थाना क्षेत्र के अतराडा गांव में मंगलवार को मजदूर गैंस एजेंसी के पीछे श्रीनिवास के खेत में गेहूं काटने गए थे। इसी दौरान उन्हें तीव्र दुर्गंध महसूस हुई। मजदूरों ने आसपास जाकर देखा तो बंद पड़े बीस फीट गहरे कुएं में प्लास्टिक के बोरे पर कीड़े रेंग रहे थे। मजदूरों ने इसी सूचना तत्काल ग्रामीणों को दी। जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खरखौदा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बोरे को कुएं से बाहर निकाल कर खोला तो उसके अंदर से 35 वर्षीय युवक का सड़ी गली अवस्था में शव निकला।
टी शर्ट और ग्रे रंग का लोअर पहन रखा है
पुलिस ने फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया। फोरेंसिक टीम घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद लौट गई। पुलिस के मुताबिक शव काफी गल चुका था, जिसके कारण युवक की पहचान नहीं हो पा रही है। युवक ने लाल रंग की टी शर्ट और ग्रे रंग का लोअर पहन रखा है। युवक की पहचान के लिए आसपास के जिलों की पुलिस से मदद मांगी जा रही है और पता कराया जा रहा है कि किसी युवक की गुमशुदगी तो दर्ज नहीं है। सीओ किठौर, प्रमोद कुमार सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लगा रहा है और ऐसा लगता है कि हत्या कहीं और करने के बाद शव का यहां लाकर डाला गया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।