सेक्टर-150 में इंजीनियर युवराज मेहता की मौत के बाद नोएडा प्राधिकरण ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्णय लिया है। अब इस क्षेत्र में हाई-रेज्यूल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ISTMS) के तहत लगाए जाएंगे और इनकी लाइव मॉनिटरिंग सेक्टर-94 स्थित कमांड कंट्रोल रूम से की जाएगी।
65 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए थे
कैमरे ब्लैक स्पॉट, मुख्य सड़क और सोसाइटी के बाहर की सड़कों पर लगाए जाएंगे। इससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सकेगी। प्राधिकरण ने हाल ही में 65 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए थे, जिनमें से 15 पर खुद और 50 पर डेवलपर के जरिए काम कराया जा रहा है। सेक्टर-150 में घटना स्थल और आसपास पहले ही क्रैश बैरियर लगाए जा चुके हैं। अब कैमरे लगाकर इसे और सुरक्षित बनाया जाएगा।
हर मूवमेंट पर नजर रखी जाएगी
कंपनी सर्वे कर रही है कि यहां कितने कैमरे लगाए जाएं। इनकी लाइव मॉनिटरिंग से सड़क पर होने वाली हर मूवमेंट पर नजर रखी जाएगी। सेक्टर-150 में करीब 12 सोसाइटी हैं और यहां 10 हजार से ज्यादा लोग रहते हैं। युवराज की मौत जिस गड्ढे में कार गिरने से हुई थी, वह इसी क्षेत्र का ब्लैक स्पॉट था। कैमरे लगने से न केवल हादसों पर रोक लगेगी बल्कि ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी।