
इंदौर में एक बार फिर पोस्टर पॉलिटिक्स ने माहौल गरमा दिया है। शहर के कलेक्टर कार्यालय के पास लगे “I Love Pig – Save Animal” लिखे पोस्टर ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। इससे पहले कुछ दिन पहले ही “I Love Mohammad” लिखे पोस्टर सामने आए थे, जिसके बाद शहर में चर्चा और राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई थी। नई पोस्टरबाजी के बाद अब पुलिस जांच में जुट गई है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये पोस्टर किसने और किस मकसद से लगाए। प्रशासन ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के निर्देश दिए हैं, ताकि जिम्मेदारों का पता लगाया जा सके। इस पूरे प्रकरण पर राजनीति भी गर्म हो गई है। बीजेपी विधायक उषा ठाकुर ने पोस्टर को लेकर कहा कि “हमारे संविधान ने सभी नागरिकों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता दी है। कोई किससे प्रेम करे या किस रूप में अपनी भावनाएं व्यक्त करे, यह उसका व्यक्तिगत अधिकार है।”
पोस्टर लगाने वालों की पहचान में जुटी पुलिस
वहीं कांग्रेस नेताओं ने इस बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि ऐसे पोस्टर शहर की शांति और साम्प्रदायिक सौहार्द को भंग करने की साजिश हैं। उन्होंने प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं विश्व हिंदू परिषद के नेता संतोष शर्मा ने कहा कि “यह व्यक्तिगत आस्था का विषय है। अगर कोई ‘पिग’ से प्यार का इजहार करता है, तो यह उसकी सोच है, इसमें आपत्ति की कोई बात नहीं।” फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टर लगाने वालों की पहचान में जुटी है। वहीं शहर में इस घटना को लेकर राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक बहस छिड़ी हुई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह के भड़काऊ बयान से बचने की अपील की है।