Agra News: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में इटावा के जिला वन अधिकारी और 2019 बैच के आईएफएस अधिकारी विकास नायक की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद एक्सयूवी करीब दस फीट हवा में उछली और कई बार पलटती चली गई। वाहन में सवार अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए। हादसे की जांच के लिए संयुक्त तकनीकी समिति वाहन का क्रैश टेस्ट करेगी।
बेकाबू स्कॉर्पियो दूसरी लेन में एसयूवी से टकराई
पुलिस के मुताबिक, कोलकाता निवासी 61 वर्षीय डेविड ब्रायन डिसूजा पत्नी ममता शर्मा के साथ उत्तर भारत की तीर्थयात्रा पर निकले थे। उत्तराखंड, दिल्ली, वृंदावन और आगरा होते हुए दोनों स्कॉर्पियो-एन से लखनऊ जा रहे थे। नगला खंगर के पास लगातार ड्राइविंग की थकान के बीच डेविड को झपकी आ गई। इससे बेकाबू स्कॉर्पियो डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में जा घुसी और सामने से आ रही एक्सयूवी से टकरा गई।
एसयूवी दस फीट ऊपर उछलकर कई बार पलटी
टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक्सयूवी हवा में करीब दस फीट ऊपर उछलकर कई बार पलटी। उसमें बैठे लोगों को बाहर निकालने के लिए छत और खिड़कियों के शीशे तक तोड़ने पड़े। विकास नायक जिस सीट पर बैठे थे, उसका एयरबैग भी खुला था, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। दूसरी ओर स्कॉर्पियो भी करीब पांच से सात फीट उछलने के बाद पहियों के बल आकर रुकी। इससे डेविड और उनकी पत्नी की जान बच गई।
एसयूवी में रेंजर उपासना सिंह की मां केशवती भी थी सवार
बताया गया कि रेंजर उपासना सिंह की मां केशवती (64) भी एक्सयूवी में सवार थीं। वह श्राद्ध में शामिल होने वसुंधरा जा रही थीं। विकास नायक और उपासना पूर्व में फिरोजाबाद में साथ तैनात रह चुके थे। इसी परिचय के चलते केशवती इटावा में विकास के सरकारी आवास पर रुकी थीं। इसके बाद विकास भी उनके साथ आगरा जाने के लिए एक्सयूवी में सवार हो गए।
मृतकों की पहचान में भी मुश्किल आई
हादसे के बाद मृतकों की पहचान में भी मुश्किल आई। केशवती के पर्स में मिले नंबर से पुलिस ने उनकी बेटी उपासना से संपर्क किया और तस्वीर भेजकर पहचान कराई। हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।