NEET UG 2026: नीट यूजी 2026 की दोबारा होने वाली परीक्षा से ठीक पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने छात्रों और अभिभावकों के लिए एक बड़ा और अहम संदेश जारी किया है। उन्होंने छात्रों से बिना किसी चिंता के, पूरे आत्मविश्वास और एकाग्रता के साथ परीक्षा देने की अपील की है। शिक्षा मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि सरकार निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।
भ्रम फैलाने वालों पर साधा निशाना
धर्मेंद्र प्रधान ने कुछ लोगों पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की नई पीढ़ी के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा से कुछ घंटे पहले भी कुछ तथाकथित लोगों द्वारा गलत इरादे से बयानबाजी की गई और भ्रम फैलाने की कोशिश की गई। ऐसे प्रयास छात्रों के मन में अनावश्यक तनाव पैदा करते हैं और उनके भविष्य को प्रभावित कर सकते हैं।
छात्र अफवाहों से दूर रहें
शिक्षा मंत्री ने कहा कि नीट की दोबारा परीक्षा आयोजित की जा रही है और इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। छात्र किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक खबरों पर भरोसा न करें। सरकार का मुख्य मकसद यह है कि किसी भी छात्र को परीक्षा के दौरान कोई परेशानी न हो। केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत के बच्चों को कष्ट नहीं दिया जाना चाहिए। आगे उन्होंने कहा कि लाखों छात्र लंबे समय से इस परीक्षा के लिए मेहनत कर रहे हैं, अब समय अपनी मेहनत को दिखाने का है। ऐसे में नकारात्मक माहौल बनाना बिल्कुल गलत है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
केंद्रीय मंत्री ने साफ किया कि शिक्षा मंत्रालय और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा को सफल बनाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम कर लिए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पूरी प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। मंत्री ने कहा कि सरकार किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को बच्चों तक पहुंचने नहीं देगी।
छात्रों की दी शुभकामनाएं
शिक्षा मंत्री ने अंत में सभी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा केंद्र जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार की पूरी कोशिश है कि परीक्षा पारदर्शी, निष्पक्ष और तनावमुक्त माहौल में संपन्न हो, ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके।