
अहमदाबाद के खोखरा इलाके में स्थित एक प्राइवेट स्कूल में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां 15 वर्षीय दसवीं कक्षा के छात्र नयन पर नौंवी के एक छात्र ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नयन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।
परिजनों और संगठनों का आक्रोश
नयन की मौत की खबर जैसे ही परिवार और समुदाय तक पहुंची, गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में सिंधी समुदाय के लोग, अभिभावक, हिंदू संगठन और एबीवीपी कार्यकर्ता स्कूल पहुंच गए। यहां उन्होंने जमकर तोड़फोड़ की और स्कूल प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाया। स्कूल की बसों पर भी पथराव किया गया। भीड़ ने स्कूल कर्मचारियों को भी निशाना बनाया।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। पुलिस ने आरोपी नौंवी के छात्र को हिरासत में लिया है और जुवेनाइल कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं, आक्रोशित अभिभावकों ने आरोपी छात्र के अलावा स्कूल प्रिंसिपल और प्रबंधन पर भी कार्रवाई की मांग की है।
विवाद की वजह और तनाव का माहौल
जानकारी के अनुसार, दोनों छात्रों के बीच नॉनवेज खाने को लेकर विवाद हुआ था, जो बाद में खतरनाक झगड़े में बदल गया। मृतक छात्र सिंधी समुदाय से था जबकि आरोपी मुस्लिम समुदाय का है, जिससे घटना के बाद सांप्रदायिक तनाव भी फैल गया है। प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन लोगों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा।
वर्तमान हालात
पुलिस अधिकारियों—जेसीपी, डीसीपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। हालात काबू में लाने की कोशिशें जारी हैं। हालांकि, छात्र की मौत से आक्रोशित समुदाय के लोग अभी भी न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं।