बुलंदशहर। अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में युवती को जिंदा जलाने के सनसनीखेज मामले में आठ दिन बाद उसकी मौत हो गई। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, शिकारपुर क्षेत्र की रहने वाली युवती 25 अप्रैल को अपने प्रेमी की सगाई की सूचना मिलने पर उसके गांव पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान प्रेमी और उसके भाई ने उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर दिल्ली रेफर कर दिया गया।
करीब आठ दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद युवती ने सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। युवती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और गांव में भी सनसनी फैल गई।
पुलिस के मुताबिक, मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रेमी समेत दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब युवती की मौत के बाद मुकदमे में गंभीर धाराएं बढ़ाई जा रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।