लखनऊ/प्रयागराज। प्रवक्ता संवर्ग की लिखित परीक्षा शनिवार को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो गई । कुल 89,766 परीक्षार्थी शामिल हुए। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रदेश के 17 मंडल मुख्यालयों पर स्थित परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में कुल 9 विषयों की परीक्षा आयोजित की गई।
प्रथम पाली (सुबह 9:30 से 11:30 बजे) में भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, गृह विज्ञान, इतिहास एवं शिक्षाशास्त्र की परीक्षा हुई। वहीं द्वितीय पाली (दोपहर 2:30 से 4:30 बजे) में अंग्रेजी, कृषि, वाणिज्य एवं समाजशास्त्र विषय की परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा की निगरानी के लिए आयोग मुख्यालय में स्थापित एआई एकीकृत नियंत्रण कक्ष से सभी केंद्रों पर लगे एआई कैमरों के माध्यम से सख्त निगरानी रखी गई।
आयोग के सदस्य, सचिव, परीक्षा नियंत्रक और अन्य अधिकारियों ने इस कक्ष से पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी। डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन, सुचितापूर्ण और निर्विघ्न रूप से सम्पन्न हुई। उन्होंने जिला प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों द्वारा सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
शनिवार की परीक्षा में कुल 89,766 परीक्षार्थी शामिल हुए। इनमें महिला परीक्षार्थियों की उपस्थिति 34.89 प्रतिशत और पुरुष परीक्षार्थियों की उपस्थिति 42.26 प्रतिशत रही। आयोग ने परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए किए गए विशेष इंतजामों पर संतोष व्यक्त किया है।