AI Relationship Story : आज के समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनता जा रहा है। पढ़ाई, नौकरी और लिखने-पढ़ने से लेकर अब लोग निजी कामों में भी इसका इस्तेमाल करने लगे हैं। लेकिन अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को से सामने आई एक वायरल कहानी ने रिश्तों में एआई के इस्तेमाल को लेकर नई बहस छेड़ दी है। सोशल मीडिया पर वायरल दावे के मुताबिक, एक शख्स ने अपनी प्रेमिका के साथ रिश्ते की कई जिम्मेदारियां एआई को सौंप दी थीं।
प्रेमिका को लगा बॉयफ्रेंड करता है बहुत परवाह
वायरल पोस्ट के अनुसार, महिला को लगता था कि उसका बॉयफ्रेंड उसकी बहुत परवाह करता है। वह उसे सुबह प्यार भरे संदेश भेजता, दिनभर उसका हाल पूछता और बातचीत के दौरान उसकी भावनाओं का ध्यान रखता था। महिला के लिए ये सब एक सामान्य और प्यार भरे रिश्ते का हिस्सा था। लेकिन बाद में उसे पता चला कि इन कामों में एआई की बड़ी भूमिका थी। यही खुलासा उसके लिए रिश्ते का सबसे बड़ा झटका बन गया।
गुड मॉर्निंग से लेकर डेट की योजना तक
दावे के मुताबिक, बॉयफ्रेंड ने रिश्ते से जुड़े कई काम एआई एजेंट को सौंप रखे थे। सुबह के संदेश भेजना, समय-समय पर हालचाल पूछना और छोटी-मोटी बहस के दौरान क्या जवाब दिया जाए, इसमें भी एआई का इस्तेमाल किया जाता था। यहां तक कि डिनर डेट और घूमने-फिरने की योजना बनाने जैसे काम भी एआई के जरिए किए जा रहे थे। यानी रिश्ते में दिखाई देने वाली कई कोशिशों के पीछे खुद बॉयफ्रेंड की जगह तकनीक काम कर रही थी।
सच सामने आते ही खत्म हुआ रिश्ता
जब महिला को इस व्यवस्था के बारे में पता चला तो उसने रिश्ता खत्म करने का फैसला किया। उसके लिए समस्या सिर्फ एआई का इस्तेमाल नहीं था, बल्कि यह थी कि उसे लंबे समय तक यह जानकारी नहीं दी गई कि उसके साथ होने वाली बातचीत और रिश्ते की कई गतिविधियां तकनीक के जरिए संभाली जा रही हैं।
इसे भी पढ़ें : आज रात 9 बजे खुलेगा करोड़ों का दरवाजा, अमिताभ बच्चन फिर लगाएंगे ज्ञान की परीक्षा
सोशल मीडिया पर छिड़ी नई बहस
यह कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। कई लोगों ने इसे रिश्तों में तकनीक के बढ़ते दखल का उदाहरण बताया, जबकि कुछ यूजर्स ने मजाक में कहा कि शख्स ने अपनी पूरी प्रेम कहानी ही एआई को सौंप दी। हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि पूरी घटना सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट पर आधारित है और इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।