AIMIM Attack On SP: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में AIMIM की बैठक के दौरान पार्टी नेता शादाब चौहान ने विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा में मौजूद 111 विपक्षी विधायक मुस्लिम समुदाय से जुड़े अहम मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए हैं।
मुद्दों पर चुप रहने का आरोप
शादाब चौहान ने कहा कि मॉब लिंचिंग, वक्फ संपत्तियों और कुरैशी समाज से जुड़े मामलों पर विपक्ष के विधायक आवाज नहीं उठाते। उन्होंने दावा किया कि इन मुद्दों पर अगर कोई खुलकर बोल रहा है तो वह केवल उनकी पार्टी है और वे सदन में बिना डरे अपनी बात रखते हैं।
2027 चुनाव की तैयारी तेज
बैठक में पार्टी की आगामी रणनीति भी सामने आई। शादाब चौहान ने बताया कि AIMIM ने अब तक 50 लाख सदस्य जोड़ लिए हैं और अब बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत किया जा रहा है। जल्द ही असदुद्दीन औवेसी के दौरे शुरू होंगे, जिससे 2027 विधानसभा चुनाव का अभियान तेज किया जाएगा।
यह भी देखेंःOmar Abdullah Attacks: ट्रंप के बयानों पर उमर अब्दुल्ला का हमला, भाषा और नीतियों पर उठाए सवाल!
अखिलेश यादव पर सीधा निशाना
शादाब चौहान ने अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास मुस्लिम समाज को नेतृत्व देने की इच्छाशक्ति नहीं है। उन्होंने सपा को ‘भाजपा की मददगार’ बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी राजनीतिक लाभ के लिए समझौता कर रही है।
अन्य नेताओं पर भी उठाए सवाल
उन्होंने मुरादाबाद और रामपुर के सांसदों पर भी आरोप लगाए कि वे जनता के मुद्दों को नजरअंदाज कर रहे हैं। चौहान ने कहा कि अब समय आ गया है कि लोग पारंपरिक राजनीति से हटकर अपने अधिकारों के लिए नई दिशा चुनें और मजबूत विकल्प को समर्थन दें।