मुंबई। एअर इंडिया की एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में तकनीकी खराबी के कारण मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। मुंबई से अमेरिका के नेवार्क जा रही फ्लाइट AI191 ने टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद तकनीकी गड़बड़ी का संकेत दिया। पायलट ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को तुरंत मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वापस लाने का निर्णय लिया। यात्रियों के लिए नए विमान की व्यवस्था की जा रही है।
तकनीकी खराबी और इमरजेंसी लैंडिंग
AI191 फ्लाइट ने रात 1.14 बजे मुंबई से उड़ान भरी थी। टेकऑफ के लगभग 30 मिनट बाद पायलट ने तकनीकी दिक्कत का पता लगाया और विमान को वापस लाने का निर्णय लिया। विमान सुबह करीब 3 बजे सुरक्षित रूप से मुंबई एयरपोर्ट पर उतर गया। विमान को तकनीकी टीम द्वारा जांच के लिए रोक दिया गया है, ताकि आगे की उड़ान के लिए सभी सुरक्षा मानकों की पुष्टि की जा सके।
एअर इंडिया की उड़ानों में तकनीकी समस्याओं का इतिहास
हाल ही में एअर इंडिया की कई फ्लाइट्स में तकनीकी समस्याएं सामने आ चुकी हैं। 16 जून को हांगकांग से दिल्ली आ रही फ्लाइट में गड़बड़ी की जानकारी मिली थी। इसके अलावा, 21 जुलाई को दिल्ली-कोलकाता मार्ग पर भी तकनीकी दिक्कत दर्ज की गई थी। इस साल 12 जून को अहमदाबाद में एक फ्लाइट क्रैश हो गया था, जिसमें 242 में से 241 लोगों की मौत हो गई थी। यह घटनाएं एयरलाइन की सुरक्षा प्रबंधन और विमान तकनीक पर सवाल उठाती हैं।