Air India Turbulence : थाइलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2379 में खतरनाक टर्बुलेंस के कारण 12 यात्रियों के घायल होने की खबर है। उड़ान के दौरान विमान अचानक तेज हिचकोले खाने लगा, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। किसी के कान में चोट आई तो किसी के कंधे और गर्दन में तेज झटका लगा। दिल्ली पहुंचने के बाद प्रभावित यात्रियों को मेडिकल जांच और उपचार उपलब्ध कराया गया।
यात्रियों ने बताई आपबीती
एक घायल यात्री के भाई के मुताबिक, विमान ऊंचाई पर था तभी अचानक तेज टर्बुलेंस शुरू हो गया और फ्लाइट तेजी से नीचे आने लगी। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान दबाव में आए बदलाव के कारण उनके भाई के कान में गंभीर चोट आई। वहीं एक अन्य यात्री ने तेज झटके के कारण कंधे में चोट लगने की बात कही। घटना के बाद यात्रियों ने उड़ान के उन पलों को बेहद डरावना बताया।
केबिन में मची चीख-पुकार
यात्रियों के अनुसार, दिल्ली में लैंडिंग से कुछ समय पहले विमान अचानक नीचे आने के साथ तेज हिचकोले खाने लगा। अचानक हुए घटनाक्रम से केबिन में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों को इस दौरान चोटें आईं। हालांकि चालक दल ने स्थिति को संभाला और विमान को दिल्ली में सुरक्षित उतार लिया गया।
ये भी पढ़ें : E20 Petrol के विरोध में AAP का PM आवास मार्च रुका, धरने पर बैठे केजरीवाल, सरकार से की बड़ी मांग
एअर इंडिया ने क्या कहा?
एअर इंडिया के अनुसार, घटना में कुछ यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को चोटें आईं। एहतियात के तौर पर प्रभावित लोगों को एयरपोर्ट स्थित मेडिकल सुविधा केंद्र भेजा गया, जहां एयरलाइन की टीम और मेडिकल स्टाफ ने उनकी सहायता की। कंपनी ने कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा तथा स्वास्थ्य उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और संबंधित अधिकारियों के साथ मामले में पूरा सहयोग किया जा रहा है।
क्यों होता है टर्बुलेंस?
एयर टर्बुलेंस उस समय होता है जब आसमान में हवा का प्रवाह अचानक असमान या अनियमित हो जाता है। गर्म और ठंडी हवा के ऊपर-नीचे होने, पहाड़ों से टकराकर बनने वाली वायु तरंगों और ऊंचाई पर तेज जेट स्ट्रीम के आसपास हवा की गति में अंतर के कारण ऐसी स्थिति पैदा हो सकती है। तेज टर्बुलेंस में विमान अचानक ऊपर-नीचे हो सकता है, जिससे सीट बेल्ट नहीं लगाए यात्रियों के घायल होने का जोखिम बढ़ जाता है।