राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को आंधी और भारी बारिश के कारण उड़ानों के संचालन में बाधा आई, जिससे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (आईजीआईए) पर कम से कम नौ उड़ानें दूसरी जगह भेजनी पड़ीं और 400 से ज्यादा फ्लाइट्स देर से चलीं। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, चार-चार उड़ानें जयपुर और लखनऊ भेजी गईं, जबकि एक उड़ान अहमदाबाद भेजी गई। ये उड़ानें दोपहर 3:30 बजे से 4:30 बजे के बीच दूसरी जगह भेजी गईं।
पांच उड़ानें जयपुर भेज दी गईं
लखनऊ एयरपोर्ट ने बताया कि राजधानी में खराब मौसम के कारण दिल्ली आने वाली चार उड़ानें वापस भेज दी गईं। जयपुर एयरपोर्ट ने बताया कि खराब मौसम के कारण दिल्ली आने वाली पांच उड़ानें जयपुर भेज दी गईं। मौसम की वजह से कामकाज में रुकावट आने पर कई एयरलाइंस ने ट्रैवल एडवाइजरी भी जारी की। इंडिगो ने कहा कि दिल्ली में खराब मौसम से उड़ानों के शेड्यूल पर असर पड़ा है। यात्रियों को सलाह दी कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान का स्टेटस चेक कर लें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें।
लेटेस्ट स्टेटस चेक करें
एयर इंडिया ने चेतावनी दी कि दिल्ली आने-जाने वाली उड़ानों पर असर पड़ सकता है और यात्रियों से आग्रह किया कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले उड़ान का लेटेस्ट स्टेटस चेक कर लें। एयर इंडिया ने कहा, "आज खराब मौसम के कारण दिल्ली आने-जाने वाली उड़ानों पर असर पड़ सकता है। यात्रा का अनुभव सुचारू बनाए रखने के लिए, हम अपने यात्रियों को सलाह देते हैं कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले उड़ान का लेटेस्ट स्टेटस चेक कर लें।"
सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता
इंडिगो ने कहा कि हम मौसम पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। आपको सुरक्षित और आसानी से मंजिल तक पहुंचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। कंपनी ने कहा, "हम आपके लगातार धैर्य और समझदारी की सराहना करते हैं। आपकी सुविधा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।"
भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी
अकासा एयर ने भी कहा कि दिल्ली में खराब मौसम के कारण उसके नेटवर्क की कुछ उड़ानों पर असर पड़ा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया था। भारी बारिश के बाद दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव की भी खबर आई।