Air Taxi India : भारत में शहरी परिवहन का स्वरूप आने वाले वर्षों में बदल सकता है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने संकेत दिए हैं कि देश में जल्द एयर टैक्सी सेवाएं शुरू हो सकती हैं। सरकार का लक्ष्य सिर्फ इनका संचालन करना नहीं, बल्कि इनके डिजाइन और निर्माण में भी भारत को अग्रणी बनाना है। इस दिशा में कई कंपनियां और स्टार्टअप तेजी से काम कर रहे हैं।
मिली बड़ी मंजूरी
हाल ही में Sarla Aviation को देश का तीसरा eVTOL Design Organisation Approval (DOA) दिया गया है। यह मंजूरी इलेक्ट्रिक वर्टिकल टेक-ऑफ और लैंडिंग विमान के विकास के लिए अहम मानी जा रही है। मंत्री ने खुद इसके सिम्युलेटर पर उड़ान का अनुभव लिया और कहा कि अगले दो वर्षों में भारत एडवांस्ड एयर मोबिलिटी के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगा सकता है।
क्या होती है एयर टैक्सी?
eVTOL यानी Electric Vertical Take-Off and Landing ऐसी उड़ने वाली इलेक्ट्रिक गाड़ी है जो बिना रनवे के सीधे ऊपर उड़ान भर सकती है और जमीन पर उतर सकती है। इसकी तकनीक हेलीकॉप्टर जैसी दिखती है, लेकिन यह पूरी तरह अलग और अधिक आधुनिक प्रणाली पर आधारित होती है। शहरी क्षेत्रों में तेज और सुविधाजनक यात्रा के लिए इसे भविष्य की परिवहन व्यवस्था माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें : सोना-चांदी खरीदने वालों को झटका, एक दिन में ₹2,790 महंगा हुआ सोना और चांदी भी उछली
ट्रैफिक से मिलेगी राहत
दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों में ट्रैफिक एक बड़ी समस्या बन चुका है। ऐसे में एयर टैक्सी सड़क के बजाय हवा के रास्ते यात्रियों को कम समय में गंतव्य तक पहुंचा सकती है। खासतौर पर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी, बिजनेस ट्रैवल और आपातकालीन यात्राओं में इसका बड़ा फायदा देखने को मिल सकता है।
सिर्फ यात्रियों के लिए नहीं
एयर टैक्सी तकनीक का इस्तेमाल केवल लोगों को लाने-ले जाने तक सीमित नहीं रहेगा। भविष्य में इसका उपयोग मेडिकल इमरजेंसी, दवाओं और जरूरी सामान की डिलीवरी, आपदा राहत और अन्य परिवहन सेवाओं में भी किया जा सकता है। कई कंपनियां यात्री और माल ढुलाई दोनों तरह के eVTOL विकसित कर रही हैं।
2028 पर टिकी निगाहें
Sarla Aviation जैसी भारतीय कंपनियां 2028 के आसपास एयर टैक्सी सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य लेकर काम कर रही हैं। हालांकि आम लोगों के लिए यह सेवा शुरू होने से पहले सुरक्षा मानकों, संचालन नियमों और जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर को तैयार करना होगा। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो आने वाले वर्षों में शहरों के भीतर कैब की तरह एयर टैक्सी बुक कर आसमान के रास्ते सफर करना संभव हो सकता है।