Air Travel in Delhi: दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल पर लगने वाले वैल्यू एडेड टैक्स में बड़ी कटौती का फैसला लिया है। सरकार ने ATF पर VAT को 25 फीसदी से घटाकर 7 फीसदी कर दिया है। माना जा रहा है कि इस फैसले से एयरलाइन कंपनियों को बड़ी राहत मिलेगी और हवाई यात्रा की लागत में भी कमी आ सकती है। सरकार का दावा है कि इसका सीधा फायदा यात्रियों को मिलेगा।
एयरलाइन कंपनियों को मिलेगी राहत
दिल्ली में लंबे समय से ATF पर अधिक VAT एयरलाइन कंपनियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ था। ऊंचे टैक्स की वजह से विमानन कंपनियों की परिचालन लागत बढ़ रही थी, जिसका असर हवाई टिकटों की कीमतों पर भी पड़ता था। अब टैक्स घटने से एयरलाइंस को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
महंगे ईंधन के बीच बड़ा कदम
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे समय में दिल्ली सरकार का यह फैसला विमानन क्षेत्र के लिए राहत भरा माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि टैक्स कम होने से दिल्ली से संचालित उड़ानों की लागत कम हो सकती है और यात्रियों को भी कुछ हद तक सस्ते टिकट मिल सकते हैं।
यह भी देखेंःJihadi drug: जिहादी ड्रग कैप्टागॉन पर बड़ा प्रहार, भारतीय एजेंसियों ने पकड़ी 182 करोड़ की खेप
दिल्ली को एविएशन हब बनाने की तैयारी
एविएशन इंडस्ट्री लंबे समय से ATF पर टैक्स घटाने की मांग कर रही थी। जानकारों का मानना है कि इससे दिल्ली देश के प्रमुख एविएशन हब के रूप में अपनी प्रतिस्पर्धा मजबूत कर सकेगी। टैक्स में कमी से एयरलाइंस नई उड़ानें शुरू करने और सेवाओं का विस्तार करने के लिए भी प्रोत्साहित हो सकती हैं।
यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद
सरकार और उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि ATF सस्ता होने से आने वाले समय में हवाई टिकटों की कीमतों में कमी आ सकती है। इससे एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है। फिलहाल इस फैसले को विमानन क्षेत्र के लिए राहत और यात्रियों के हित में उठाया गया अहम कदम माना जा रहा है।