बारिश के बाद साफ हुई मेरठ की हवा एक बार फिर प्रदूषण की गिरफ्त में आने लगी है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बढ़कर 234 पर पहुंच गया है। सुबह और शाम के समय वातावरण में स्मॉग का असर दिखाई देने लगा है। हवा में प्रदूषक तत्वों की मात्रा बढ़ने से लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी है। दीपावली नजदीक होने के कारण प्रदूषण का स्तर और बढ़ने की आशंका ने चिंता बढ़ा दी है।
पिछले दिनों हुई बारिश से हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ था, लेकिन मौसम में बदलाव के साथ प्रदूषण फिर बढ़ने लगा है। दिन में धूप निकल रही है, जबकि रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सोमवार को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सुबह-शाम स्मॉग का ज्यादा असर
सुबह और शाम के समय हवा में धुंध और स्मॉग का असर अधिक दिखाई दे रहा है। प्रदूषण बढ़ने से आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों के लिए स्थिति ज्यादा परेशानी वाली हो सकती है।
अगले दो-तीन दिन राहत के आसार कम
कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार बारिश के बाद मौसम में बदलाव आया है और रात का तापमान गिर रहा है। सुबह के समय स्मॉग का असर अधिक दिखाई दे रहा है। अगले दो से तीन दिन तक प्रदूषण में बढ़ोतरी बनी रहने की संभावना है।
दिवाली पर आतिशबाजी बढ़ाएगी मुश्किल
दीपावली नजदीक आने के साथ प्रदूषण को लेकर चिंता बढ़ गई है। पहले से ही AQI खराब स्तर पर पहुंच चुका है। ऐसे में आतिशबाजी से हवा में प्रदूषक तत्वों की मात्रा और बढ़ सकती है। हवा की गति कम रहने पर प्रदूषण लंबे समय तक वातावरण में बना रह सकता है। ऐसे में मेरठ सहित पूरे एनसीआर में लोगों को आने वाले दिनों में जहरीली हवा का सामना करना पड़ सकता है।