Airbus Alert: इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस इस समय अपने ए320 सीरीज विमानों में फ्लाइट कंट्रोल सिस्टम से जुड़ी एक तकनीकी समस्या को दूर करने में जुटी हुई हैं। सूत्रों के अनुसार, इस वजह से देश में लगभग 200 से 250 विमानों के संचालन पर असर पड़ रहा है। एयरबस ने शुक्रवार को बताया कि तेज सौर विकिरण (Solar Radiation) के चलते ए320 श्रृंखला के विमानों में फ्लाइट कंट्रोल से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण डेटा प्रभावित हो सकते हैं। इस समस्या के समाधान के लिए आवश्यक सॉफ्टवेयर अपडेट अनिवार्य होंगे।
फैमिली एयरक्राफ्ट में सॉफ्टवेयर अपडेट
सूत्रों ने जानकारी दी कि घरेलू एयरलाइंस के कई नैरो-बॉडी ए320 फैमिली एयरक्राफ्ट में सॉफ्टवेयर अपडेट की जरूरत पड़ेगी, जबकि कुछ विमानों में हार्डवेयर बदलने की भी आवश्यकता हो सकती है। ऐसे मामलों में कुछ समय के लिए इन विमानों को उड़ान संचालन से हटाना पड़ सकता है। देश की विभिन्न एयरलाइंस के पास लगभग 560 ए320 सीरीज विमान मौजूद हैं, जिनमें से करीब 200 से 250 को तुरंत सॉफ्टवेयर या हार्डवेयर संशोधन की जरूरत होगी।
ELAC बदलने का निर्देश
यूरोपीय यूनियन एविएशन सेफ्टी एजेंसी (EASA) ने बताया कि एयरबस ने एयरलाइन कंपनियों को प्रभावित विमानों में एलिवेटर ऐलेरॉन कंप्यूटर (Elevator Aileron Computer – ELAC) को बदलने अथवा अपडेट करने का आग्रह किया है।ELAC विमान के महत्वपूर्ण फ्लाइट कंट्रोल सिस्टम का हिस्सा होता है। EASA ने निर्देश दिया है कि प्रभावित ELAC को संशोधित या प्रतिस्थापित किए बिना इन विमानों की अगली उड़ान संचालित नहीं की जानी चाहिए।
एयरबस के साथ समन्वय में काम कर रहा है इंडिगो
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने शनिवार को कहा कि उसे एयरबस की ओर से ए320 सीरीज विमानों को लेकर जारी की गई अधिसूचना प्राप्त हो चुकी है। एयरलाइन ने बयान दिया कि, “हम एयरबस की ओर से जारी निर्देशों को पूरी तरह लागू करने के लिए उनके साथ समन्वय में काम कर रहे हैं। आवश्यक निरीक्षण प्रक्रिया को तेजी से पूरा करते हुए हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि उड़ानों में न्यूनतम व्यवधान आए।”