नई दिल्ली। दिल्ली से इंदौर जा रही एक यात्री विमान में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब टेकऑफ के तुरंत बाद दाहिने इंजन में आग लगने का संकेत मिला। घटना के दौरान विमान में मौजूद यात्रियों की सांसें थम गईं, लेकिन पायलट की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सभी यात्रियों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
कॉकपिट में बजा अलार्म, यात्रियों में दहशत
जानकारी के मुताबिक, उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद कॉकपिट में आग का अलार्म बजा। जैसे ही संकेत मिला कि इंजन में खराबी है, यात्रियों के बीच दहशत फैल गई। पायलट ने तुरंत इंजन को बंद कर विमान को हवा में नियंत्रित रखा। कुछ ही देर में सुरक्षित लैंडिंग कराई गई और राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।
जांच के लिए ग्राउंड किया गया विमान
एयरलाइन प्रवक्ता के अनुसार, संबंधित विमान को जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है। तकनीकी विशेषज्ञ इंजन में आई खराबी की गहराई से जांच कर रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए एयरलाइन ने वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की, जिससे सभी को गंतव्य तक भेजा गया।
लगातार तकनीकी खामियों से बढ़ रही चिंता
पिछले कुछ दिनों में कई बार उड़ानों में तकनीकी खामियां सामने आ चुकी हैं। कभी उड़ान टेकऑफ से पहले रोकनी पड़ी तो कभी आखिरी समय पर फ्लाइट रद्द करनी पड़ी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा और भरोसे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि समय रहते रखरखाव और निगरानी प्रणाली को और मजबूत करने की जरूरत है।