Cab Booking for Just ₹49: हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एयरपोर्ट आने-जाने की परेशानी अब काफी हद तक कम हो सकती है। इंडिगो एयरलाइंस ने ‘Cabs with IndiGo’ नाम से नई सेवा शुरू की है, जिसके तहत यात्री केवल 49 रुपये में कैब रिजर्व कर सकेंगे। कंपनी का उद्देश्य यात्रियों को घर से एयरपोर्ट और एयरपोर्ट से उनके अंतिम गंतव्य तक सुविधाजनक और भरोसेमंद यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।
कैब न मिलने और महंगे किराए की समस्या से राहत
अक्सर यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने या वहां से लौटने के दौरान कैब की उपलब्धता, बढ़े हुए किराए और अंतिम समय में राइड रद्द होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। नई सेवा के जरिए इन परेशानियों को कम करने का प्रयास किया गया है। कंपनी का दावा है कि यात्रियों को समय पर कैब उपलब्ध होगी और यात्रा अधिक सहज बनेगी।
मिलेगी नो-सर्ज प्राइसिंग और फ्री कैंसिलेशन
इस सुविधा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि कैब का किराया पहले से तय रहेगा और सर्ज प्राइसिंग लागू नहीं होगी। यानी व्यस्त समय में भी यात्रियों को अतिरिक्त किराया नहीं देना पड़ेगा। इसके अलावा, पिकअप समय तक बिना किसी शुल्क के बुकिंग रद्द करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। कंपनी ने 100 प्रतिशत कन्फर्म पिकअप का दावा भी किया है।
फ्लाइट लेट होने पर भी मिलेगा फायदा
इंडिगो के अनुसार, यदि किसी कारण से उड़ान में देरी होती है तो यात्रियों को अतिरिक्त राहत दी जाएगी। ऐसी स्थिति में कैब सेवा के तहत 30 मिनट तक का मुफ्त वेटिंग टाइम उपलब्ध कराया जाएगा। इससे फ्लाइट लेट होने पर यात्रियों को कैब छूटने की चिंता नहीं रहेगी।
वेबसाइट और ऐप से होगी आसान बुकिंग
यात्री इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं। कंपनी ने इसे अपने BluChip लॉयल्टी प्रोग्राम से भी जोड़ा है। इसके तहत हर 100 रुपये के खर्च पर यात्रियों को 5 BluChips पॉइंट्स मिलेंगे, जिन्हें भविष्य की यात्राओं में विभिन्न लाभों के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा।