अमेरिका के वॉशिंगटन क्षेत्र में एक अहम एयर ट्रैफिक कंट्रोल फैसिलिटी में तेज रासायनिक गंध महसूस होने के बाद हड़कंप मच गया। इस दौरान एयरपोर्ट पर उड़ानें अस्थायी रूप से रोकनी पड़ीं. इससे पूरे क्षेत्र में हवाई यात्रा पर असर पड़ा है। इस व्यवधान का असर रोनाल्ड रीगल वाशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट, वाशिंगटन डलेस इंटरनेशनल एयरपोर्ट, बाल्टीमोर-वाशिंगटन इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रिचमंड इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पड़ा।
हवाई अड्डों के लिए एयर ट्रैफिक का प्रबंधन
एविएशन अधिकारियों के मुताबिक यह गंध वर्जीनिया स्थित पोटोमैक कंसोलिडेटेड टर्मिनल रडार अप्रोच कंट्रोल (टीआरएसीओएन) सुविधा से आई। ये वाशिंगटन-बाल्टीमोर क्षेत्र और वर्जीनिया के कुछ हिस्सों के हवाई अड्डों के लिए एयर ट्रैफिक का प्रबंधन करती है।
हवाई संचालन को सामान्य करने के लिए काम कर रहा
अमेरिकी परिवहन मंत्री शॉन डफी ने कहा कि संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) इस गंध के स्रोत का पता लगाने में लगा हुआ है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि “एफएए पोटोमैक ट्रैकॉन से आ रही तेज गंध के स्रोत की जानकारी मिली है। उससे प्रभावित हुए हवाई संचालन को सामान्य करने के लिए काम कर रहा है।”
विमानों को उतरने की अनुमति नहीं
हवाई अड्डों पर अस्थायी “ग्राउंड स्टॉप” जारी किया, जिसके तहत विमानों को उतरने की अनुमति नहीं दी गई। बाद में उड़ानें फिर से शुरू कर दी गईं, हालांकि एयरलाइनों को लंबित उड़ानों को व्यवस्थित करने में समय लगने के कारण देरी बनी रही।
किसी के घायल होने की सूचना नहीं
अधिकारियों ने बताया कि यह निर्णय तब लिया गया जब पोटोमैक ट्रैकॉन सुविधा के भीतर “तेज रासायनिक गंध” की शिकायतें सामने आईं. इससे वहां काम कर रहे कुछ एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों के काम पर असर पड़ा। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पोटोमैक ट्रैकॉन एक महत्वपूर्ण रडार एप्रोच कंट्रोल केंद्र है, जो अमेरिकी राजधानी क्षेत्र के कई बड़े एयरपोर्ट पर आने-जाने वाले विमानों की आवाजाही का समन्वय करता है। यह सुविधा बाल्टीमोर-वॉशिंगटन और रिचमंड-शार्लोट्सविल क्षेत्रों के लिए भी एयर ट्रैफिक नियंत्रण सेवाएं प्रदान करती है।