हॉन्ग कॉन्ग इंटरनेशनल सिक्सेस 2025 के प्लेट फाइनल में बांग्लादेश और हॉन्ग कॉन्ग के बीच शानदार मुकाबला देखने को मिला। मॉन्ग कॉक के मिशन रोड ग्राउंड पर खेले गए इस मैच का नतीजा आखिरी गेंद पर निकला। बांग्लादेश ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए बड़े स्कोर की नींव रखी, लेकिन हॉन्ग कॉन्ग ने आखिरी ओवर में मैच पलटकर सभी को हैरान कर दिया। सबसे बड़ा कमाल किया ऐजाज खान ने, जिनकी तूफानी बल्लेबाजी ने बांग्लादेश की मेहनत पर पानी फेर दिया।
6 ओवर में 120 रन, फिर भी जीत से दूर रह गई टीम
बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 5 विकेट पर 120 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। कप्तान अकबर अली ने 13 गेंदों पर 51 रनों की तेज तर्रार पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। अबू हिदर ने 8 गेंदों पर 28 रन और जिशान आलम ने 7 गेंदों पर 27 रन बनाए। छोटे फॉर्मेट के हिसाब से यह स्कोर बेहद चुनौतीपूर्ण था और लग रहा था कि हॉन्ग कॉन्ग इसे हासिल नहीं कर पाएगा। लेकिन मैच की स्क्रिप्ट आखिरी ओवर में पूरी तरह बदल गई।
नियमों के चलते ऐजाज को रिटायर होना पड़ा
120 रन के टारगेट का पीछा करते हुए हॉन्ग कॉन्ग की शुरुआत बेहद खराब रही। दोनों ओपनर बिना रन बनाए आउट होकर लौट गए। संकट की घड़ी में ऐजाज खान ने तेज अर्धशतक जड़ा, लेकिन टूर्नामेंट के नियमों के मुताबिक हाफ-सेंचुरी पूरी करते ही उन्हें रिटायर होना पड़ा। इसके बाद निजाकत खान ने 10 गेंदों में 28 रन बनाकर मैच में जान डाल दी। आखिरी ओवर में स्थितियां रोमांचक हो गईं हॉन्ग कॉन्ग को 6 गेंदों पर 30 रन चाहिए थे, तभी टीम को चौथा विकेट गिरते ही ऐजाज खान को वापसी का मौका मिला।
आखिरी ओवर में ऐजाज खान का धमाका
आखिरी ओवर में ऐजाज खान जैसे ही क्रीज पर लौटे, माहौल पूरी तरह बदल गया। उन्होंने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया। दूसरी गेंद वाइड रही, जिससे दबाव और बढ़ गया। इसके बाद ऐजाज ने ओवर की गेंदों पर कुल 5 छक्के ठोककर टीम को अविश्वसनीय जीत दिला दी। तीसरी गेंद पर रन नहीं बना, लेकिन इसके बाद एक के बाद एक छक्के आते रहे और पूरा स्टेडियम ऐजाज खान के नाम का शोर मचाने लगा। बांग्लादेश का 120 रनों का बड़ा स्कोर भी इस तूफानी फिनिश के आगे टिक नहीं पाया।