Ajit Pawar Death: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन की खबर से पूरा देश स्तब्ध है। अब इस हादसे से जुड़ी उनकी आज की आखिरी तस्वीर सामने आई है, जिसे प्लेन क्रैश से कुछ ही देर पहले की बताया जा रहा है। तस्वीर में अजित पवार विमान के भीतर अपने बॉडीगार्ड के साथ बैठे नजर आ रहे हैं। यह वही उड़ान थी, जो मुंबई से बारामती के लिए रवाना हुई थी और जो उनकी जिंदगी की आखिरी यात्रा बन गई।
पार्टी नेताओं ने की पुष्टि
पार्टी सूत्रों के अनुसार यह तस्वीर विमान के टेकऑफ से ठीक पहले ली गई थी। अजित पवार बारामती में प्रस्तावित जनसभाओं को संबोधित करने के लिए रवाना हुए थे। तस्वीर सामने आने के बाद समर्थकों और नेताओं के बीच भावुक प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
आखिरी 36 मिनट
जानकारी के मुताबिक विमान सुबह 8:10 बजे मुंबई से रवाना हुआ था। करीब 8:32 बजे विमान पुणे के रास्ते बारामती की ओर बढ़ा। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार 8:35 बजे विमान बारामती के पास पहुंचा, लेकिन कोहरे और कम दृश्यता के कारण पहली बार लैंडिंग नहीं हो सकी।
दूसरी कोशिश
पायलट ने विमान को एक चक्कर लगवाया और करीब 10 मिनट बाद दोबारा लैंडिंग की कोशिश की। रनवे-11 पर उतरते समय विमान संतुलन खो बैठा और पास की चट्टान से टकरा गया। टकराते ही विमान के टुकड़े हो गए और उसमें आग लग गई। हादसे से पहले किसी आपातकालीन सिग्नल की सूचना नहीं मिली है।
पूरे राज्य में मातम
इस हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हुई। शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण उनकी पहचान घड़ी और कपड़ों से की गई। महाराष्ट्र सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। अजित पवार की आखिरी तस्वीर अब उनके समर्थकों के लिए एक भावुक याद बन गई है।