लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को राज्यसभा प्रत्याशियों का नामांकन कराने के बाद 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि जो गठजोड़ पहले था, वही आगे भी रहेगा। यानी सपा विधानसभा चुनाव कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ेगी। सीटों के बंटवारे का आधार जीत की क्षमता होगी। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले इसकी तैयारियां चल रही हैं और घोषणा के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा।
अखिलेश ने धनराज परिमल नथवानी को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने को नई पीढ़ी और नई सोच को अवसर देने से जोड़ा। उन्होंने कहा कि सपा उद्योगों को बढ़ावा देना चाहती है और उद्योग जगत से जुड़ने के लिए यह कदम उठाया गया है। तीसरे प्रत्याशी के सवाल पर उन्होंने कहा कि संख्या और चुनावी गणित के अनुसार जल्द नाम घोषित किया जाएगा।
अखिलेश ने दावा किया कि भाजपा के कई लोग उनके संपर्क में हैं, लेकिन बिना वादा पूरा किए किसी को साथ लेने के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने पिछली बार राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों को भी इस बार अपनी छवि सुधारने का अवसर मिलने की बात कही।
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने मुफ्त सिंचाई और गन्ना भुगतान में तेजी का वादा किया। बृजभूषण शरण सिंह के बयान पर कहा कि उनसे उनके अच्छे संबंध हैं और उत्तर प्रदेश के विकास के लिए सभी एक हैं। पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल पर भी उन्होंने तंज कसा। राज्य सरकार की नीतियों और बाढ़ प्रबंधन को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए।