उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में BJP नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम ने बकरीद पर होने वाली कुर्बानी को लेकर विवादित बयान दिया. उन्होंने कहा, “मेरे हिसाब से तो कुर्बानी देना एकदम गलत है. कुर्बानी देना भारत में बंद होना चाहिए. देश में एक कानून होना चाहिए. हिंदू और मुसलमान के लिए अलग कानून क्यों है?” उन्होंने यह भी कहा कि हिंदुओं की बलि प्रथा पर रोक क्यों है, जबकि कुर्बानी की अनुमति दी जाती है.
अखिलेश को बताया मुगलों का आखिरी शासक
संगीत सोम ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें मुगलों के आखिरी शासक बताया. उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव को यह याद रखना चाहिए कि वह मुगलों के आखिरी शासक थे. अब वह कभी शासक नहीं बन सकते.” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के पिता ने कार सेवकों पर गोलियां चलवाईं और साधु-संतों पर भी गोली चलवाईं. संगीत सोम ने दावा किया कि अब बाबर की औलाद दोबारा सत्ता में नहीं आ सकती.
राहुल गांधी को बताया मानसिक रूप से असंतुलित
इसके अलावा संगीत सोम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया बयान पर भी प्रतिक्रिया दी. राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया था कि उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फोन पर "सर्रेंडर" किया. संगीत सोम ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी मानसिक रूप से असंतुलित हैं. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सुबह से शाम तक अपसेट रहते हैं और वह क्या कहते हैं, यह उनकी समझ में नहीं आता.