
Akhilesh will go via Bareilly: समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव आज रामपुर में सपा महासचिव आजम खान से मुलाकात करने वाले हैं। इस दौरे को लेकर सपा और प्रशासन के बीच जोरदार खींचतान देखने को मिल रही है। सपा ने अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक अखिलेश के लखनऊ से चार्टर प्लेन द्वारा बरेली पहुंचने और वहां से सड़क मार्ग से रामपुर जाने की योजना बनाई है। वहीं प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए मुरादाबाद रूट से यात्रा करने का सुझाव दिया है। लेकिन सपा ने इसे साफ तौर पर ठुकरा दिया है। प्रशासन की कोशिश है कि अखिलेश को मुरादाबाद के रास्ते से भेजा जाए, जबकि सपा ने दो टूक कहा है कि रूट में कोई बदलाव नहीं होगा।
प्रशासन से तनातनी
अखिलेश यादव के रामपुर दौरे को लेकर प्रशासन और सपा आमने-सामने आ गए हैं। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, अगर अखिलेश मुरादाबाद वाले रूट से सहमत नहीं हुए तो संभव है कि उन्हें लखनऊ से ही रोक दिया जाए। सपा के मुताबिक, अखिलेश का बरेली एयरपोर्ट से सड़क मार्ग द्वारा रामपुर पहुंचने का कार्यक्रम तय है, जहां दोपहर 12:30 बजे उनकी आजम खान से मुलाकात होनी है। मुलाकात लगभग एक घंटे की होगी, जिसके बाद अखिलेश दोपहर 2:30 बजे लखनऊ लौटेंगे। यह मुलाकात इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि आजम खान के 23 महीने बाद जेल से बाहर आने के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात होगी।
यह भी देखेंःहिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में अचानक बस पर बरसने लगे पत्थर, लैंडस्लाइड में 18 लोगों की मौत
बसपा अटकलों पर विराम?
इस मुलाकात के सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। हाल ही में आजम खान के बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल होने की अटकलों ने सपा खेमे की चिंता बढ़ा दी थी। ऐसे में अखिलेश की यह मुलाकात सियासी संदेश देने के रूप में देखी जा रही है कि दोनों के रिश्तों में कोई दरार नहीं है। आजम खान ने भी कहा है कि अखिलेश का उनसे मिलना उनका “बड़प्पन” है और वह उनकी सेहत का हालचाल लेने आ रहे हैं। माना जा रहा है कि यह मुलाकात न केवल सपा की एकजुटता दिखाएगी, बल्कि बसपा में जाने की चर्चाओं पर भी पूरी तरह विराम लगाएगी।