Akhilesh Yadav Ayodhya Visit : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव दिसंबर में अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करेंगे। इस दौरान उनके साथ पत्नी डिंपल यादव, बेटा और बेटी भी मौजूद रहेंगे। सपा नेता और पूर्व मंत्री पवन पांडे ने पंचायत आजतक के मंच पर इस दौरे की जानकारी देते हुए तारीख का खुलासा किया। उनके मुताबिक, अखिलेश यादव 12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या पहुंचेंगे और पूरा दिन धार्मिक कार्यक्रमों में बिताएंगे।
हनुमानगढ़ी से शुरू होगी धार्मिक यात्रा
पवन पांडे के अनुसार, अखिलेश यादव अयोध्या पहुंचने के बाद सबसे पहले हनुमानगढ़ी के बजरंग गली स्थित मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह राम मंदिर जाएंगे और रामलला के दर्शन करेंगे। इस दौरान डिंपल यादव और उनके दोनों बच्चे भी उनके साथ रहेंगे। सपा नेता ने बताया कि यह दौरा पूरी तरह धार्मिक होगा और इसमें परिवार के सभी सदस्य शामिल होंगे।
राम मंदिर जाने पर उठते रहे सवाल
पवन पांडे ने बताया कि अखिलेश यादव के राम मंदिर और हनुमानगढ़ी नहीं जाने को लेकर लगातार सवाल उठाए जाते रहे हैं। पंचायत आजतक में उनसे इसी मुद्दे पर सवाल किया गया था। जवाब में उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की हनुमानगढ़ी में श्रद्धा है और वह स्वयं भी वहां जाते हैं। इसके बाद उन्होंने राम मंदिर दर्शन के लिए प्रस्तावित अयोध्या दौरे की जानकारी सार्वजनिक की।
ये भी पढ़ें : दिवाली से पहले Sensex-Nifty की ऐतिहासिक छलांग, 35 साल का रिकॉर्ड टूटा
संतों और महंतों से भी करेंगे मुलाकात
अयोध्या प्रवास के दौरान अखिलेश यादव साधु-संतों और महंतों से भी मुलाकात करेंगे। पवन पांडे ने बताया कि वह अलग-अलग मठों में जाकर संतों का आशीर्वाद ले सकते हैं। इसके साथ ही संतों के साथ प्रसाद ग्रहण करने का कार्यक्रम भी रहेगा। इस तरह 12 दिसंबर का पूरा दिन उनके धार्मिक आयोजनों और मंदिरों में दर्शन के बीच बीतने की संभावना है।
राम मंदिर चोरी मामले का भी जिक्र
पवन पांडे ने बातचीत के दौरान राम मंदिर में चोरी की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव रामलला और हनुमान जी से प्रार्थना करेंगे। साथ ही उन लोगों के खिलाफ न्याय की कामना करेंगे, जिन्होंने राम मंदिर में चोरी की। हालांकि, चोरी की घटना को लेकर उन्होंने अपने बयान में जिन लोगों का जिक्र किया, उनके संबंध में कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी।