
बिहार चुनाव में अब माहौल पूरी तरह बदल गया है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव के मैदान में उतरते ही सियासत में नई गर्मी आ गई है. छपरा में अखिलेश ने ऐसी हुंकार भरी कि बीजेपी खेमे में हलचल बढ़ गई. जहां एक ओर एनडीए ने प्रचार में पूरी ताकत झोंकी हुई है, वहीं अखिलेश यादव ने अकेले ही मैदान में उतरकर पूरे चुनावी समीकरण को हिला दिया है. उन्होंने न सिर्फ तेजस्वी यादव को जीताने की ठानी है बल्कि भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव के लिए भी प्रचार में जोर लगा दिया है. उनके आगमन के बाद से ही पटना से दिल्ली तक चर्चा तेज है, और सपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश देखने को मिल रहा है.
अखिलेश बोले- बिहार से बीजेपी का पलायन तय
छपरा में हुई जनसभा के दौरान अखिलेश यादव ने ऐसा सियासी समां बांधा कि हर कोई दंग रह गया. उन्होंने मंच से कहा अबकी बार बिहार से बीजेपी का पलायन तय है. अखिलेश ने कहा कि जब तेजस्वी यादव की सरकार बनेगी तो वह आम लोगों के पलायन को रोक देगी, लेकिन बीजेपी को बिहार से जाना पड़ेगा. उन्होंने बिहार की जनता से कहा कि यह वही धरती है जिसने जब भी राजनीति में अंधेरा बढ़ा, तब उम्मीद की नई किरण दिखाई. अखिलेश बोले बिहार इस बार भी वो मिशाल बनेगा जो बीजेपी की नींद उड़ा देगा.
यूपी-बिहार की एकता का संदेश
अखिलेश यादव ने इस रैली को केवल चुनावी मंच नहीं बल्कि यूपी-बिहार की एकता का उत्सव बना दिया. उन्होंने कहा तेजस्वी यादव इस पार सड़क बनाएंगे और हम उस पार, यूपी-बिहार को जोड़ देंगे, और तब देखना विकास की गाड़ी कैसे रफ्तार पकड़ेगी. उनके इस बयान को राजनीतिक विश्लेषक बीजेपी पर सीधा वार मान रहे हैं. अखिलेश बोले कि बीजेपी के एजेंडे में कभी रोजगार नहीं रहा, और यही वजह है कि बिहार के लाखों युवा आज भी रोज़गार के लिए बाहर जाने को मजबूर हैं. उन्होंने कहा अगर बीजेपी की नीयत साफ होती, तो बिहार का नौजवान दिल्ली और मुंबई की गलियों में भटकता नहीं.
खेसारी के लिए वोट मांगे
अखिलेश यादव की मौजूदगी से खेसारी लाल यादव की रैली ऐतिहासिक बन गई. मुस्कुराते हुए अखिलेश बोले जब खेसारी जीतेंगे, तब हम सब मिलकर जीत का गाना गाएंगे. उन्होंने कहा कि जब तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे तो जीविका बहनों का वेतन 30 हजार रुपये कर दिया जाएगा और हर महिला को 2500 रुपये महीना मिलेगा. अखिलेश ने दावा किया कि ये कदम महिलाओं को सीधा फायदा पहुंचाएगा और बीजेपी के महिला सशक्तिकरण के दावों की सच्चाई उजागर करेगा