सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बरेली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने अधिकारियों को अपने हिसाब से जगह-जगह पोस्ट किया था और वोटिंग के दौरान कई अधिकारी ‘बीजेपी एजेंट’ की तरह काम करते दिखे। अखिलेश ने दावा किया कि लाखों लोग वोटिंग से वंचित किए गए और चुनाव आयोग ने उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि बीजेपी हमेशा जनता का ध्यान असल मुद्दों से हटाती है और इसी रणनीति से चुनाव लड़ना चाहती है। अखिलेश बोले कि अगर अधिकारियों ने हस्तक्षेप न किया होता, तो परिणाम कुछ और होते
तेजस्वी की सरकार बनने का दावा
बिहार चुनाव को लेकर अखिलेश यादव पूरी तरह आत्मविश्वास से भरे दिखे। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि बिहार में इस बार तेजस्वी यादव की ही सरकार बनेगी। उन्होंने एग्जिट पोल्स को निराधार बताते हुए कहा कि असली नतीजे शुक्रवार को आएंगे और उसी दिन साबित हो जाएगा कि जनता किसके साथ है। अखिलेश ने दावा किया कि महागठबंधन को जनता का भारी समर्थन मिला है और एनडीए की जीत दिखाने वाले एग्जिट पोल पूरी तरह गलत साबित होंगे।
चुनाव आयोग पर भी साधा निशाना
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायतों के बावजूद आयोग ने कोई सुनवाई नहीं की। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार आयोग “बीजेपी का आयोग” बनकर काम नहीं करेगा। अखिलेश ने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब हर वोट की रक्षा होगी और चुनाव आयोग निष्पक्ष भूमिका निभाएगा। इसी दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को ‘PDA प्रहरी’ बनने की अपील की, ताकि एक भी वोट छूट न पाए।
बरेली के लिए अलग मेनिफेस्टो का ऐलान
बरेली पहुंचे अखिलेश यादव ने स्थानीय राजनीति पर भी बड़ा संकेत दिया। उन्होंने घोषणा की कि आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी बरेली के लिए अलग मेनिफेस्टो जारी करेगी। शादी समारोह के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश ने कहा कि सपा की कोशिश होगी कि स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि बिहार की जीत महागठबंधन की मजबूती साबित करेगी और इससे यूपी की राजनीति में भी बड़ा असर होगा। अखिलेश ने अंत में दोहराया—“बिहार में बदलाव तय है, तेजस्वी की सरकार बन रही है।”