Akhilesh Yadav Dhirendra Shastri Controversy : बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री भगवान श्रीराम को लेकर यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि ‘राम जी के पांच बाप थे।’ इस पर नाराजगी जताते हुए अखिलेश ने उनके सभी कार्यक्रम रद्द करने की मांग की है।
अखिलेश ने उठाए धार्मिक भावनाओं का सवाल
अखिलेश यादव ने वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि पहले भगवान कृष्ण और अब भगवान श्रीराम को लेकर अपमानजनक बातें की जा रही हैं। उन्होंने लिखा कि ऐसे बयान सामाजिक सौहार्द बिगाड़ सकते हैं। अखिलेश ने मांग की कि धीरेंद्र शास्त्री के सभी कार्यक्रम रद्द किए जाएं। उन्होंने अपने संदेश में यह भी कहा कि अब सच्चे सनातनी उनकी पर्ची लिखेंगे।
अखिलेश ने बयान देकर भी साधा निशाना
अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा कि काशी की धरती पर इस मामले को लेकर सनातनी चुप क्यों हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक बाबा पहले भगवान श्रीकृष्ण और अब भगवान श्रीराम के पिता को लेकर अपमानजनक बातें कर रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि इन बयानों से देश के लोग दुखी हैं। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री पर निशाना साधते हुए खुद को सनातनी बताने वालों से भी सवाल किए।
कृष्ण पर टिप्पणी से भी हुआ था विवाद
इससे पहले धीरेंद्र शास्त्री भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी के कारण विवादों में आए थे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह भगवान राम और कृष्ण की तुलना करते हुए कृष्ण के खड़े होने के अंदाज, कमर और गर्दन की मुद्रा और बांसुरी बजाने को लेकर टिप्पणी करते सुनाई दिए थे। इस बयान पर सांसद पप्पू यादव ने भी नाराजगी जताई थी और एफआईआर दर्ज कराने के लिए संसद मार्ग थाने पहुंचे थे।
धीरेंद्र शास्त्री ने मांगी थी माफी
विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि उन्होंने भाव में ठाकुर जी को उलाहना दिया था और वीडियो का आधा हिस्सा देखकर उन्हें कृष्ण विरोधी बताया जा रहा है। उनका मकसद भगवान राम और कृष्ण में भेद पैदा करना नहीं था। उन्होंने दोनों को एक बताते हुए कहा था कि उनकी बात या भाव से किसी को ठेस पहुंची हो तो वह क्षमा मांगते हैं।
इसे भी पढ़ें : Urvil Patel: उर्विल पटेल ने रणजी ट्रॉफी में मचाया तूफान, 214 गेंदों में ठोका पहला दोहरा शतक; CSK को मिली बड़ी खुशखबरी
काशी विश्वनाथ दर्शन पर भी दिया जवाब
अखिलेश यादव ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन को लेकर उठे सवालों का भी जवाब दिया। ओम प्रकाश राजभर के सवाल पर उन्होंने वाराणसी के दालमंडी में बुलडोजर कार्रवाई की तस्वीर दिखाई और कहा कि क्या लोग इस तस्वीर को भूल जाएंगे। उन्होंने बनारस में प्राथमिक स्कूल बंद होने का आरोप भी लगाया। अखिलेश ने कहा कि बाबा विश्वनाथ और केदारेश्वर उनके घर पर बने हैं और वह बिना पूजा किए हाथ जोड़कर नहीं निकलते। उन्होंने दोहराया कि भगवान राम और कृष्ण को लेकर दिए जा रहे बयानों पर सवाल उठाए जाने चाहिए।