उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संयम बरतने का संदेश दिया। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि जब तक लड़ाई शुरू न हो, तब तक तलवार को म्यान में ही रखना चाहिए। उन्होंने साथ ही अपने मामलों पर ध्यान देने और पार्टी के बीच की बातों को सार्वजनिक न करने की सलाह दी।
पार्टी नेताओं और प्रवक्ताओं को दी नसीहत
अखिलेश यादव ने शनिवार को हुई पार्टी की बैठक में नेताओं, कार्यकर्ताओं और प्रवक्ताओं से सार्वजनिक मंचों पर सोच-समझकर बोलने को कहा। उनके मुताबिक बिना तैयारी के टेलीविजन डिबेट में जाना स्थिति को मुश्किल बना सकता है। खास तौर पर धर्म और जाति से जुड़े मुद्दों पर बयान देते समय सावधानी बरतने की बात कही गई। पार्टी नेताओं से कहा गया कि किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले बयानों से बचें और किसी भी मुद्दे पर बोलने से पहले पूरी तैयारी करें।
हर मुद्दे पर बोलना जरूरी नहीं: अखिलेश
बैठक में अखिलेश यादव ने कथित तौर पर यह भी कहा कि राजनीति में हर मुद्दे पर प्रतिक्रिया देना जरूरी नहीं है। कई बार चुप रहकर भी संदेश दिया जा सकता है। उन्होंने नेताओं से डिबेट और सार्वजनिक कार्यक्रमों में जाने से पहले विषय की जानकारी रखने और अपने बयान को लेकर सावधानी बरतने को कहा। उनका सोशल मीडिया पोस्ट भी इसी संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है।
यह भी देखेंःClarifies Form-6 Controversy: चुनाव आयोग की अहम बैठक, Form-6 विवाद पर आयोग ने दी सफाई; SIR को लेकर कई फैसले
जिया उर रहमान बर्क ने भी बयान दिए
समाजवादी पार्टी के सांसद जिया उर रहमान बर्क ने भी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं से गैर-जरूरी बयानों से बचने की बात कही। उन्होंने कहा कि चुनाव से जुड़े मुद्दों पर पार्टी जनता से जुड़े सवाल उठाती रही है। बर्क ने SIR और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों का भी जिक्र किया। गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर उन्होंने कहा कि इस पर अंतिम फैसला संबंधित पार्टी नेतृत्व करेगा।
गठबंधन को लेकर फैसला नेतृत्व करेगा
बर्क ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर फैसला अखिलेश यादव और कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी करेंगे। उन्होंने गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने की इच्छा भी जताई। वहीं, अखिलेश यादव के संदेश में पार्टी के भीतर अनुशासन, तैयारी और सार्वजनिक बयानों में सावधानी पर जोर दिखाई देता है। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच गठबंधन और सीटों के बंटवारे से जुड़े फैसले आगे की राजनीति में महत्वपूर्ण रहेंगे।
सब अपने तक ही, अपने ख़्याल रखिए जंग होने तक म्यान में ही तलवार रखिए शामिल न हो अपने क़ाफ़िले में मुख़बिर मिलके दुश्मन की चाल पर आँख रखिए
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) September 26, 2026